DMart Q1 Result : रिटेल चेन DMart को ऑपरेट करने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स (Avenue Supermarts) ने वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही के नतीजों की घोषणा कर दी है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 2 फीसदी बढ़कर 658.71 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 642.89 करोड़ रुपये था। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट पिछली तिमाही के 460.10 करोड़ रुपये से 43 प्रतिशत बढ़ गया। हालांकि, कंपनी के जून तिमाही नतीजे एक्सपर्ट्स के अनुमान से कमजोर रहे हैं।
Avenue Supermarts का कंसोलिडेटेड राजस्व सालाना आधार पर 18.2 फीसदी बढ़ा है और यह 11,865.44 करोड़ रुपये हो गया है। एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 10,038.07 करोड़ रुपये था। वहीं, पिछली तिमाही में राजस्व 10,594.11 करोड़ रुपये के मुकाबले यह 12 फीसदी बढ़ गया है। 30 जून, 2023 को समाप्त तिमाही में स्टैंडअलोन टोटल रेवेन्यू 18 फीसदी बढ़कर 11,584 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 9807 करोड़ रुपये था। FY24 की पहली तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 2.2 फीसदी बढ़कर 695 करोड़ रुपये हो गया, जबकि यह पिछले साल की इसी तिमाही में यह 680 करोड़ रुपये रुपये था।
अनुमान से कमजोर रहे नतीजे
Avenue Supermarts के वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही के नतीजे ब्रोकरेज के अनुमान से कमजोर रहे हैं। ब्रोकरेज के एक सर्वे के अनुसार, DMart का राजस्व 11,785 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 715 करोड़ रुपये होने का अनुमान लगाया गया था। इसका मतलब है कि राजस्व काफी हद तक अनुमान के मुताबिक है, लेकिन प्रॉफिट अनुमान से कमजोर रहे।
Q1FY24 में EBITDA 1,035 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह 1,008 करोड़ रुपये था। Q1FY23 में 10 फीसदी की तुलना में Q1FY24 में EBITDA मार्जिन 8.7 फीसदी रहा। एवेन्यू सुपरमार्ट्स के CEO और MD नेविल नोरोन्हा ने कहा, "कुल मिलाकर ग्रॉस मार्जिन पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में कम है, जिसका मुख्य कारण अपेरल और सामान्य माल की बिक्री में कम योगदान है।"