Dr Reddy's Laboratories Q1 Results: जून 2023 तिमाही में फार्मा सेक्टर की प्रमुख कंपनी डॉ. रेड्डीज लैब (Dr Reddy's Laboratories) को 1,402 करोड़ का मुनाफा हुआ है। इस दौरान कंपनी के नेट प्रॉफिट में 18.1 पर्सेंट की बढ़ोतरी हुई। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 1,187.6 करोड़ रुपये था।
पिछले साल की जून तिमाही में कंपनी को 7.2 करोड़ डॉलर का वन टाइम लाभ हुआ था। रेड्डीज लैब को यह रकम ब्रिटिश दवा कंपनी इंडीवर (Indivor) से पेटेंट मुकदमे के सेटलमेंट के सिलसिले में मिली थी। इस वजह से पिछले साल के मुकाबले प्रॉफिट में बढ़ोतरी कम रही।
संबंधित अवधि में कंपनी का प्रॉफिट बाजार के अनुमानों से बेहतर रहा। कंपनी का नेट प्रॉफिट 944.1 करोड़ रुपये रहने का अनुमान जताया गया था। जून तिमाही में रेड्डीज लैब का रेवेन्यू 29.2 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 6,738.4 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह रकम 5,215.40 करोड़ थी। संबंधित अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 6,458 करोड़ रुपये रहने का अनुमान था।
जून 2023 तिमाही में कंपनी का EBITDA 2,137.2 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछल साल की इसी तिमाही में यह आंकड़ा 1,779 करोड़ था। अप्रैल-जून 2023 में कंपनी का EBITDA मार्जिन 31.7 पर्सेंट था। इस दौरान, रिसर्च और डिवेलपमेंट (R&D) पर कंपनी का खर्च 498.4 करोड़ रुपये है, जो जून तिमाही के रेवेन्यू का 7.4 पर्सेंट है।
नॉर्थ अमेरिका सबसे बड़ा बाजार
कंपनी के रेवेन्यू में सबसे ज्यादा योगदान नॉर्थ अमेरिकी मार्केट्स का है। इस दौरान कंपनी के कुल रेवेन्यू में नॉर्थ अमेरिका की हिस्सेदारी 47 पर्सेंट रही, जबकि भारत और बाकी उभरते हुए बाजारों की हिस्सेदारी 17-17 पर्सेंट रही।
इसके अलावा, यूरोप का हिस्सा 8 पर्सेंट था। संबंधित अवधि में कंपनी के नॉर्थ अमेरिकी मार्केट का रेवेन्यू सालाना 79 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 3197.8 करोड़ रुपये रहा। इसके अलावा, इंडियन मार्केट का रेवेन्यू सालाना 14 पर्सेंट की गिरावट के साथ 1,148.2 करोड़ रुपये रहा। उभरते हुए बाजारों से कंपनी का रेवेन्यू 28 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 1155.2 करोड़ रुपये रहा।