जून 2023 तिमाही में गुजरात गैस लिमिटेड (Gujarat Gas Limited) का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 43.4 पर्सेंट की गिरावट के साथ 216 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 382 करोड़ रुपये था। पिछली तिमाही के मुकाबले कंपनी के नेट प्रॉफिट में 42 पर्सेंट की गिरावट हुई।
संबंधित अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 26.2 पर्सेंट की गिरावट के साथ 3,924 करोड़ रुपये रहा। पिछले फाइनेंशियल ईयर की इसी अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 5,322 करोड़ रुपये था। जून 2023 तिमाही में कंपनी का EBITDA 412.71 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह आकंड़ा 626.39 करोड़ रुपये था। गुजरात गैस ने बताया कि संबंधित अवधि में कंपनी की कुल गैस सेल्स वॉल्यूम 9.22 mmscmd (मिलियन मेट्रिक स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्रति दिन) रही, जबकि पिछली तिमाही में यह आंकड़ा 8.86 mmscmd था।
इस दौरान कंपनी की इंडस्ट्रियल वॉल्यूम पिछली तिमाही की तुलना में 10 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 5.88 mmscmd रही। कंपनी के मुताबिक, LNG की स्पॉट प्राइस में नरमी रहने से इंडस्ट्रियल वॉल्यूम में बढ़ोतरी हुई।
संबंधित अवधि में कंपनी की CNG वॉल्यूम 2.61 mmscmd थी। CNG के स्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश बढ़ने का फायदा कंपनी को मिला। इसके अलावा, APM गैस की कीमतों में कटौती और VAT रेट में कमी से भी कंपनी को सहूलियत हुई।
संबंधित तिमाही में गुजरात गैस ने 46,000 से ज्यादा नए डोमेस्टिक कस्टमर और 225 कमर्शियल कस्टमर बनाए। इसके अलावा, 36 नए इंडस्ट्रियल कस्टमर बनाए। कंपनी ने 30 जून को तकरीबन 4,27,000 scmd (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्रति दिन) वॉल्यूम के लिए करार किया। हालांकि, इस सिलसिले में अब तक काम नहीं शुरू हुआ है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में 2 मई को गुजरात गैस का शेयर 2.24 पर्सेंट की गिरावट के साथ 470.20 रुपये पर बंद हुआ।