HDFC AMC Q4 Results : HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) ने वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। मार्च तिमाही के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 9.6 फीसदी बढ़कर 376 करोड़ रुपये हो गया है। जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में कंपनी को 343 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वहीं, तिमाही आधार पर देखें तो म्यूचुअल फंड कंपनी का मुनाफा FY23 की दिसंबर तिमाही में 369.40 करोड़ रुपये से लगभग दो फीसदी बढ़ा है।
ऑपरेशन से HDFC AMC का राजस्व मार्च तिमाही में लगभग 5 फीसदी बढ़कर 541 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह आंकड़ा 516 करोड़ रुपये था। वहीं, तिमाही आधार पर राजस्व में 3 फीसदी की गिरावट आई है। FY23 की दिसंबर तिमाही में कंपनी को 560 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था।
31 मार्च 2022 को समाप्त तिमाही में 378 करोड़ की तुलना में FY23 की चौथी तिमाही में ऑपरेटिंग प्रॉफिट 394.8 करोड़ रहा। दिसंबर 2022 में समाप्त हुए तीन महीनों में HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी की टैक्स के बाद आय (PAT) 3% बढ़कर 369.5 करोड़ हो गई। FY22 में इसी अवधि की तुलना में दिसंबर में समाप्त तिमाही में कंपनी का कुल राजस्व 4 फीसदी बढ़कर 663 करोड़ हो गया, जो 635.9 करोड़ रुपये था।
48 रुपये के डिविडेंड का ऐलान
मार्च 2023 में समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए कंपनी के बोर्ड ने 48 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के डिविडेंड की भी सिफारिश की है। आज के कारोबार में HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी के शेयर लाल निशान पर बंद हुए हैं। इस स्टॉक में 0.92 फीसदी की गिरावट रही और इसके शेयर 1,764.50 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं।