HDFC Q4 Results : हाउसिंग फाइनेंस कंपनी HDFC ने आज गुरुवार को वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। मार्च तिमाही में कंपनी के स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 19.59 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और यह 4425.50 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 3700.32 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। ऑपरेशन से कंपनी का कुल राजस्व 35.6 फीसदी सालना बढ़कर 16,679.43 करोड़ रुपये हो गया है। बोर्ड ने 31 मार्च 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए 44 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है।
उम्मीद से बेहतर रहा प्रदर्शन
HDFC ने मार्च तिमाही में उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है। मनीकंट्रोल पोल के अनुसार मार्च तिमाही में सालाना आधार पर एचडीएफसी के नेट प्रॉफिट 4.4 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 3,854 करोड़ रुपये होने की उम्मीद जताई गई थी। वहीं, कंपनी का नेट इंटरेस्ट इनकम में सालाना आधार पर 5 फीसदी बढ़कर 4,752 करोड़ रुपये होने का अनुमान था।
HDFC का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) सालाना आधार पर 16 फीसदी बढ़कर 5321 करोड़ रुपये हो गई है। पिछले साल की समान तिमाही में यह 4601 करोड़ रुपये थी। कंपनी ने कहा कि 31 मार्च 2023 तक एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) पिछले वर्ष के 6,53,902 करोड़ रुपये के मुकाबले 7,23,988 करोड़ रुपये हो गई है।
31 मार्च 2023 तक इंडिविजुअल लोन में AUM का 83 फीसदी शामिल है। AUM आधार पर, इंडिविजुअल लोन बुक में वृद्धि 17% रही। AUM आधार पर कुल लोन बुक में 11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। कंपनी ने कहा, “होम लोन की मांग मजबूत बनी हुई है। होम लोन में ग्रोथ मुख्य रूप से मिड इनकम सेगमेंट और हाई एंड प्रॉपर्टीज में देखी गई।"
शेयरों में 2.66 फीसदी की तेजी
मजबूत तिमाही नतीजों के बीच आज HDFC के शेयरों में 2.66 फीसदी की तेजी देखी गई। यह स्टॉक NSE पर 2,862 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। वहीं, इंट्राडे में यह शेयर 2,867 रुपये के लेवल पर पहुंच गया था, जो कि इसका 52 वीक हाई है।