Hindustan Unilever Q1 Results : देश की FMCG सेक्टर की सबसे बड़ी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL) ने वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही के नतीजों की घोषणा कर दी है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 7.9 फीसदी बढ़ा है और यह 2472 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 2,289 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। पिछली तिमाही के 2,552 करोड़ रुपये की तुलना में कंपनी के मुनाफे में 10 फीसदी की गिरावट आई है। HUL के CEO और MD रोहित जावा ने कहा कि वह ग्रोथ को लेकर आशावादी हैं। उन्होंने कहा, "यह भारत का दशक है, कारोबार शानदार स्थिति में है।"
HUL ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि राजस्व सालाना आधार पर 6.4 फीसदी बढ़कर 15,333 करोड़ रुपये हो गया है। एक साल पहले की समान तिमाही में यह 14,016 करोड़ रुपये था। जून तिमाही के लिए EBITDA 8.6 फीसदी बढ़कर 3,521 करोड़ करोड़ रुपये रहा। EBITDA मार्जिन 23.2 फीसदी रहा और इसमें सालाना आधार पर 50 बीपीएस की गिरावट आई है।
अनुमान से कमजोर रहे नतीजे
जून तिमाही में FMCG दिग्गज के नतीजे एक्सपर्ट्स के अनुमान से कमजोर रहे। नेट प्रॉफिट और रेवेन्यू दोनों में कंपनी का प्रदर्शन कमजोर रहा। ब्रोकरेज के एक सर्वे के अनुसार, HUL का Q1 राजस्व 15,477 करोड़ रुपये जबकि नेट प्रॉफिट 2,581 करोड़ रुपये होने का अनुमान था।
HUL के CEO और MD रोहित जावा ने कहा कि वह ग्रोथ को लेकर आशावादी हैं। FMCG मार्केट धीरे-धीरे रिकवर हो रहा है, हालांकि ऑपरेटिंग माहौल चैलेंजिंग बना हुआ है। इस संदर्भ में हमने अपने EBITDA मार्जिन को बढ़ाते हुए एक लचीला और कंपीटीटिव प्रदर्शन किया है। नियर टर्म में FMCG इंडस्ट्री में प्राइस-वॉल्यूम ग्रोथ इक्वेशन का री-बैलेंसिंग और कंज्यूमर डिमांड में क्रमिक सुधार जारी रहेगा। इस माहौल में हम अपने कंज्यूमर को बेहतर वैल्यू प्रदान करना जारी रखेंगे और अपने ब्रांडों के पीछे निवेश करेंगे।