Hindustan Zinc Q2 Results: नेट प्रॉफिट 14% बढ़कर 2,649 करोड़ रुपये पर रहा, आय में 4% का इजाफा

Hindustan Zinc Q2 Results: वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट मार्जिन बढ़कर 31 फीसदी हो गया है। जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 29 फीसदी पर था

अपडेटेड Oct 17, 2025 पर 4:13 PM
Story continues below Advertisement
वेदांता समूह की इस कंपनी की कामकाजी आय वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर लगभग 4 प्रतिशत बढ़कर 8,549 करोड़ रुपये रही है

Hindustan Zinc Q2 Results : हिंदुस्तान जिंक ने 17 अक्टूबर को बताया है कि वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में उसको 2,649 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ है। यह पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में दर्ज 2,327 करोड़ रुपये के मुनाफे से सालाना आधार पर लगभग 14 प्रतिशत ज्यादा है। वेदांता समूह की इस कंपनी की कामकाजी आय वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर लगभग 4 प्रतिशत बढ़कर 8,549 करोड़ रुपये रही है। इससे पहले वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही में कंपनी की कामकाजी आय 8,252 करोड़ रुपये रही थी। दूसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट मार्जिन पिछले वर्ष की इसी अवधि के 29 प्रतिशत से बढ़कर 31 प्रतिशत हो गया है।

HAL share price : LCA MK1A ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में भरी उड़ान, 1% से ज्यादा भागा शेयर

खर्च सालाना आधार पर 1 प्रतिशत से ज़्यादा घटा


सितंबर तिमाही के दौरान हिंदुस्तान ज़िंक का खर्च सालाना आधार पर 1 प्रतिशत से ज़्यादा घटकर 5,245 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान कंपनी की ऑपरेटिंग मार्जिन बढ़कर 42 प्रतिशत रही, जो पिछले साल की समान अवधि में 40 पर रही थी।

अब तक का सबसे बेहतर Q2 EBITDA

कंपनी ने बताया है कि उसने दूसरी तिमाही में अब तक का सबसे बेहतर माइंड मेटल प्रोडक्शन 258 किलोटन दर्ज किया, जो वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही से 1 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने दूसरी तिमाही में अब तक का सर्वश्रेष्ठ EBITDA भी दर्ज किया है जो 4,467 करोड़ रुपये रहा है। इसमें तिमाही-दर-तिमाही 16 प्रतिशत और साल-दर-साल 7 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली है। दूसरी तिमाही के दौरान कंपनी की EBITDA मार्जिन 52 प्रतिशत रही है।

चांदी की रिकॉर्ड तेजी से मुनाफा बढ़ा

खास बात ये है कि हिंदुस्तान ज़िंक के दूसरी तिमाही के मुनाफे में चांदी का योगदान 40 प्रतिशत रहा है। चांदी की कीमतों में भारी उछाल के बीच हुआ मुनाफे में ये उछाल देखने को मिला है। बता दें कि हिंदुस्तान ज़िंक भारत में चांदी का सबसे बड़ा उत्पादक है।

हिंदुस्तान ज़िंक शेयर प्राइस

नतीजे जारी होने के बाद,कंपनी के शेयर दोपहर 2.50 बजे 1 प्रतिशत से ज़्यादा गिरकर 500.50 रुपये प्रति शेयर पर कारोबार कर रहे थे। हालांकि कारोबार के अंत में ये शेयर 6.45 रुपए यानी 1.27 फीसदी की कमजोरी के साथ 500.25 रुपए पर बंद हुआ है। चांदी की कीमतों में तेज़ उछाल के बीच,पिछले एक महीने में शेयर में लगभग 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस शेयर का वर्तमान प्राइस टू अर्निंग रेशियो लगभग 21 है और 2025 में अब तक इस शेयर में लगभग 13 फीसदी की बढ़त हुई है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।