HUL Q4 Results: FMCG सेक्टर की दिग्गज कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (Hindustan Unilever) ने FY24 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 6 फीसदी घटकर 2,406 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 2,552 करोड़ रुपये था। हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में आज 24 अप्रैल को 0.16 फीसदी की मामूली गिरावट देखी गई। यह स्टॉक BSE पर 2259.15 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। कंपनी ने मार्केट क्लोज होने के बाद तिमाही नतीजे जारी किए हैं।
कैसे रहे Hindustan Unilever के नतीजे
चौथी तिमाही में हिंदुस्तान यूनिलीवर की बिक्री मामूली रूप से बढ़कर 14,693 करोड़ रुपये हो गई। प्रमुख सेगमेंट ब्यूटी और पर्सनल केयर के रेवेन्यू में 2.7 फीसदी की गिरावट आई है। 9 ब्रोकरेज फर्मों के औसत अनुमानों के अनुसार, एनालिस्ट्स ने 14,913 करोड़ रुपये के रेवेन्यू पर 2,435 करोड़ रुपये के मुनाफे का अनुमान लगाया है। इसका मतलब है कि मार्च तिमाही में कंपनी के नतीजे अनुमान से कमजोर रहे।
हर शेयर पर 24 रुपये का डिविडेंड देगी Hindustan Unilever
हिंदुस्तान यूनिलीवर ने वित्त वर्ष 2024 के लिए 1 रुपये फेस वैल्यू वाले इक्विटी शेयरों पर 24 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की घोषणा की। कंपनी ने पहले 16 नवंबर 2023 को 18 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड का भुगतान किया था। इसका मतलब है कि वित्त वर्ष 2024 में कंपनी ने कुल डिविडेंड 42 रुपये प्रति शेयर है।
Hindustan Unilever के CEO का बयान
हिंदुस्तान यूनिलीवर के CEO और MD रोहित जावा ने कहा, "FY24 में हमने 3% USG के साथ एक लचीला प्रदर्शन दिया और 10,000 करोड़ रुपये के नेट प्रॉफिट का आंकड़ा पार कर लिया। हम ऑपरेशनल एक्सीलेंस बढ़ाने पर फोकस कर रहे हैं और ब्रांडों और लॉन्ग टर्म कैपिबिलिटी में निवेश को बढ़ाते हुए अपने सकल मार्जिन का निर्माण जारी रखा है। भविष्य को देखते हुए मैं सामान्य मानसून और बेहतर मैक्रो-इकोनॉमिक इंडिकेटर के कारण कंज्यूरम डिमांड में धीरे-धीरे सुधार होने को लेकर आशावादी हूं।"