Infosys आज जारी करेगी चौथी तिमाही के नतीजे, अगर आपके पास भी कंपनी के शेयर हैं तो इन बातों पर रखें नजर

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की चौथी तिमाही की परफॉर्मेंस बेहतर रहने के बाद अब सबकी नजरें देश की एक और प्रमुख आईटी कंपनी इंफोसिस पर है। सीएनबीसी-टीवी18 के एनालिस्ट्स के मुताबिक, सलिल पारेख की अगुवाई वाली कंपनी के रेवन्यू में लगातार दूसरी तिमाही में गिरावट रहने का अनुमान है और और इसका नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 1 पर्सेंट से भी ज्यादा बढ़कर 6,180 रुपये रहने की संभावना है

अपडेटेड Apr 18, 2024 पर 12:28 AM
एक्सिस सिक्योरिटीज की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेटिंग खर्च कम रहने की वजह से कंपनी के मार्जिन में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।

Infosys Q4 Results: टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) की चौथी तिमाही की परफॉर्मेंस बेहतर रहने के बाद अब सबकी नजरें देश की एक और प्रमुख आईटी कंपनी इंफोसिस (Infosys) पर है। सीएनबीसी-टीवी18 (CNBC-TV18) के एनालिस्ट्स के मुताबिक, सलिल पारेख की अगुवाई वाली कंपनी के रेवन्यू में लगातार दूसरी तिमाही में गिरावट रहने का अनुमान है और इसका नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 1 पर्सेंट से भी ज्यादा बढ़कर 6,180 रुपये रहने की संभावना है।

इंफोसिस की चौथी तिमाही के नतीजे 18 अप्रैल को जारी किए जाएंगे। सीएनबीसी-टीवी18 ने नतीजों से पहले इंफोसिस से जुड़े कुछ प्वाइंट्स को लेकर चर्चा की है, जो निवेशकों के लिहाज से बेहद अहम है। इंफोसिस की तरफ से वित्त वर्ष 2025 के लिए जारी किए गए गाइडेंस पर निवेशकों और एनालिस्ट्स की नजरें होगी, क्योंकि यह पूरे वित्त वर्ष का आधार होगा।

HDFC सिक्योरिटीज के एनालिस्ट्स के अनुमानों के मुताबिक, कंपनी 3-5% ग्रोथ का अनुमान पेश कर सकती है। पोल के अनुमानों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 के लिए गाइडेंस 2% से 6% के बीच रह सकता है, जबकि मौजूदा फिस्कल ईयर के लिए मार्जिन वित्त वर्ष 2024 की तरह 20-22% के रेंज में है।


रेवेन्यू, EBIT मार्जिन

इंफोसिस की तिमाही आधार पर रेवेन्यू ग्रोथ 0.3 पर्सेंट रह सकती है। इसके अलावा, एक्सिस सिक्योरिटीज की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेटिंग खर्च कम रहने की वजह से मार्जिन में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। शेयरखान के मुताबिक, इंफोसिस के कॉन्स्टेंट करेंसी रेवेन्यू में 0.5 पर्सेंट की गिरावट हो सकती है। ब्रोकरेज फर्म को मार्च तिमाही में EBIT मार्जिन फ्लैट रहने की उम्मीद है। सीएनबीसी-टीवी18 के अनुमानों के मुताबिक, चौथी तिमाही में इंफोसिस का रेवेन्यू तिमाही आधार पर 0.3 पर्सेंट की गिरावट के साथ 4.65 अरब डॉलर रह सकता है।

एट्रिशन और सैलरी में बढ़ोतरी

अक्टूबर-दिसंबर 2023 के दौरान कंपनी में एंप्लॉयीज की संख्या में लगातार तीसरी तिमाही में गिरावट रही। ऐसे में पिछली तिमाही और मौजूदा फाइनेंशियल ईयर में आईटी कंपनियों की हायरिंग योजनाओ पर नजर रहेगी। इंफोसिस ने पिछले साल कैंपस हायरिंग को फ्रीज करने का ऐलान किया था। HSBC के अनुमानों के मुताबिक, एंप्लॉयीज की सैलरी में बढ़ोतरी का पूरा असर चौथी तिमाही में नजर आएगा।

डिविडेंड

इंफोसिस नतीजों के साथ-साथ शेयरहोल्डर्स के लिए डिविडेंड का भी ऐलान कर सकती है। इससे पहले इंफोसिस ने अक्टूबर में 18 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान किया था, जबकि जून 2023 में 17.5 रुपये का फाइनल डिविडेंड दिया गया था। इंफोसिस के आउटलुक को प्रभावित करने वाले बाकी मानकों में खर्च और मांग को लेकर आउटलुक भी शामिल है। इंफोसिस के शेयरों में इस साल अब तक 10% की गिरावट देखने को मिल चुकी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।