IREDA Q2 Results: इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी यानी IREDA ने आज 10 अक्टूबर को FY25 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जुलाई-सितंबर तिमाही में इस सरकारी कंपनी की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) पिछले साल की समान तिमाही के ₹360 करोड़ से 51.9 फीसदी बढ़कर ₹547 करोड़ हो गई। इस अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 36 फीसदी बढ़कर ₹387 करोड़ हो गया, जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में यह ₹284 करोड़ था। कंपनी के शेयरों में आज 1.12 फीसदी की तेजी देखी गई और यह स्टॉक 233.75 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
IREDA की एसेट क्वालिटी स्टेबल
जून तिमाही की तुलना में सितंबर तिमाही में IREDA की एसेट क्वालिटी स्टेबल रही। कंपनी का ग्रॉस एनपीए 2.19% पर बरकरार रहा, जबकि इसका नेट एनपीए जून तिमाही में 0.95% से सितंबर तिमाही में 1.04% हो गया। रिन्यूएबल एनर्जी फाइनेंसर का डेट-इक्विटी रेश्यो पिछली तिमाही के 5.83x से 5.85x रहा।
IREDA का पहली छमाही का बिजनेस अपडेट
इस महीने की शुरुआत में कंपनी ने मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही के लिए एक बिजनेस अपडेट जारी किया था। वर्ष की पहली छमाही में IREDA द्वारा मंजूर लोन पिछले वर्ष की तुलना में 303 फीसदी बढ़कर ₹17,860 करोड़ हो गए, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान इसने ₹4437 करोड़ के लोन स्वीकृत किए थे।
डिसबर्समेंट की बात करें तो IREDA ने 30 सितंबर को समाप्त अवधि में पिछले वर्ष की इसी छमाही की तुलना में 56 फीसदी अधिक लोन वितरित किए। कंपनी ने पिछले वर्ष ₹6,273 करोड़ की तुलना में ₹9,787 करोड़ के लोन बांटे हैं। पहली छमाही के लिए लोन बुक आउटस्टैंडिंग भी बढ़कर ₹64,500 करोड़ हो गया।
रिटेल इनवेस्टर्स ने IREDA में जमकर लगाया है दांव
हाल ही में जारी शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक IREDA के रिटेल इनवेस्टर्स ने सितंबर तिमाही में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। इस दौरान कंपनी के शेयर ने ₹310 का रिकॉर्ड हाई छू लिया, लेकिन इसके बाद स्टॉक में करीब 30 फीसदी की गिरावट देखी गई। सितंबर तिमाही के अंत में खुदरा निवेशकों के पास IREDA में 19.88% हिस्सेदारी है, जबकि जून तिमाही के अंत में उनके पास 18.59% हिस्सेदारी थी। IREDA में खुदरा निवेशकों की संख्या भी जून तिमाही के दौरान 22.15 लाख से बढ़कर 25.86 लाख हो गई। हाल ही में IREDA अपनी आगामी फंड जुटाने की योजना से पहले चर्चा में रहा है। कंपनी का इरादा ₹4500 करोड़ तक जुटाने का है।