Karnataka Bank Q2 Result : प्राइवेट सेक्टर के कर्नाटक बैंक ने मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान किया है। जुलाई-सितंबर तिमाही में बैंक का नेट प्रॉफिट 20 फीसदी घटकर 330 करोड़ रुपये पर आ गया है। पिछले वर्ष की इसी अवधि में बैंक को 411 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। बैंक ने बाजार बंद होने के बाद नतीजे जारी किए हैं। इस बीच आज इस स्टॉक में 7.23 फीसदी की बड़ी गिरावट देखी गई और यह 217.50 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
कर्नाटक बैंक ने Q2FY24 में 822 करोड़ रुपये की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) दर्ज की, जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान यह 802 करोड़ रुपये थी। कर्नाटक बैंक ने मिक्स्ड एसेट क्वालिटी की सूचना दी है। इसका ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (GNPA) 3.36 फीसदी से बढ़कर 3.47 फीसदी हो गई।
बैंक की नेट NPA 1.72 फीसदी से सुधरकर 1.36 फीसदी हो गई। नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) पिछले साल के 3.78 फीसदी से घटकर 3.58 फीसदी हो गया। बैंक का ग्रॉस एडवांस पिछले साल के 60,991 करोड़ रुपये की तुलना में 9.7 फीसदी बढ़कर 66,936 करोड़ रुपये हो गया।
डिपॉजिट पिछले वर्ष के 81,634 करोड़ रुपये से 9 प्रतिशत सुधार के साथ 89,532 करोड़ रुपये रही। जुलाई-सितंबर FY24 अवधि में बैंक का करेंट अकाउंट और सेविंग अकाउंट (CASA) रेश्यो पिछले साल के 32.82 फीसदी से गिरकर 31.91 फीसदी हो गया। बैंक का CD रेशियो 73.65 फीसदी रहा। बैंक का कैपिटल एडेक्वेंसी रेश्यो पिछले साल के 15.28 फीसदी की तुलना में 16.20 फीसदी रहा।