LIC Housing Finance Q1 Results : LIC हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने FY24 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 43 फीसदी बढ़ा है और यह 1,324 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 925 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था। हाउसिंग लोन की जबरदस्त डिमांड के कारण कंपनी के मुनाफे में यह उछाल देखने को मिला है। इस बीच, LIC HFL के शेयर BSE पर 4.86 फीसदी गिरकर 393.90 रुपये पर बंद हुए।
तिमाही में कंपनी की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 38 फीसदी बढ़कर 2,252 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष में 1,628 करोड़ रुपये थी। 30 जून 2023 तक डिफॉल्ट पर स्टेज 3 एक्सपोज़र (ग्रॉस NPA) जून 2022 के 4.96 फीसदी के मुकाबले 4.98 फीसदी रह। हालांकि, नेट एनपीए सालाना 3.01 फीसदी से घटकर 2.99 फीसदी हो गया।
तिमाही में एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस का कुल खर्च 23 फीसदी बढ़ गया। कंपनी का फाइनेंस कॉस्ट 23 फीसदी बढ़कर 4,494 करोड़ रुपये हो गया, जबकि इंटरेस्ट इनकम 28 फीसदी बढ़कर 6704 करोड़ रुपये हो गई।
बढ़ती ब्याज दरों के बावजूद बढ़ी हाउसिंग डिमांड
महामारी के बाद की अवधि में भारत में हाउसिंग डिमांड बढ़ी है, क्योंकि बढ़ती ब्याज दरों और घर की कीमतों के बावजूद मध्यम वर्ग रियल एस्टेट में निवेश करना चाहता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मई 2022 से अब तक की अवधि में प्रमुख ब्याज दरों में 250 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की है, जबकि चार महीने की नरमी के बाद जून में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 4.81 प्रतिशत हो गई।