Medanta Q4 Results : हेल्थकेयर प्रोवाइड करने वाली कंपनी ग्लोबल हेल्थ (Medanta) ने वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही नतीजों का ऐलान कर दिया है। मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट पांच गुना से अधिक बढ़कर होकर 101 करोड़ रुपये हो गया है। जबकि पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 17.5 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। इसका मतलब है कि नेट प्रॉफिट में 477 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
राजस्व में 37 फीसदी का उछाल
कंपनी ने एक बयान में कहा कि मार्च तिमाही में इसका राजस्व सालाना आधार पर 37 फीसदी बढ़कर 732 करोड़ रुपये हो गया। अस्पतालों में बेड कैपिसिटी और मरीजों की संख्या बढ़ने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2021-22 की जनवरी-मार्च तिमाही में 17.5 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था।
पूरे वित्त वर्ष 2023 में कैसा रहा प्रदर्शन
31 मार्च, 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष में मेदांता ने वित्त वर्ष 22 में 196 करोड़ रुपये के मुकाबले 326 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया है। पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का राजस्व बढ़कर 2,759 करोड़ रुपये हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2021-22 में यह 2,206 करोड़ रुपये था।
ग्लोबल हेल्थ ग्रुप के CEO और डायरेक्टर पंकज साहनी ने कहा, "31 मार्च 2023 को समाप्त वर्ष और तिमाही में हमने सभी रेवेन्यू और प्रॉफिटेबिलिटी मेट्रिक्स में अहम ग्रोथ और मजबूत फाइनेंशियल परफॉर्मेंस दर्ज किया है।" Medanta के शेयरों में आज 29 मई को 0.63 फीसदी की मामूली तेजी देखी गई और यह स्टॉक NSE पर 593.50 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।