NMDC Q4 Results : लोहे का अयस्क निकालने वाली दिग्गज सरकारी कंपनी NMDC लिमिटेड ने आज 23 मई को वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजों की घोषणा कर दी है। मार्च तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 22 फीसदी बढ़ा है और यह 2,277 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। देश की सबसे बड़ी लौह अयस्क कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 1,862 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। आज मंगलवार को NMDC के शेयरों में 0.81 फीसदी की तेजी देखी गई और यह स्टॉक NSE पर 106 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुआ है।
मार्च तिमाही में ऑपरेशन से कंपनी का राजस्व 13.8 फीसदी घटकर 5,851 करोड़ रुपये रह गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 6,785 करोड़ रुपये था। ऑपरेटिंग लेवल पर कंपनी का EBITDA इस वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 20.6 फीसदी घटकर 2,162 करोड़ रुपये रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 6,785.3 करोड़ रुपये था। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 40.2 फीसदी की तुलना में मार्च तिमाही में एबिटडा मार्जिन 37 प्रतिशत रहा।
एनएमडीसी के बोर्ड ने 2.85 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड भी घोषित किया है। इसका भुगतान कंपनी की एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम) की तारीख से 30 दिनों के भीतर किया जाएगा। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि फाइनल डिविडेंड वित्तीय वर्ष के दौरान पहले से घोषित और भुगतान किए गए 3.75 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के अंतरिम डिविडेंड के अतिरिक्त है।