NTPC Q1 Result : जून तिमाही में 9.4% बढ़ा मुनाफा, 4066 करोड़ रुपये पर पहुंचा

NTPC Q1 Result : अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 9.4 फीसदी बढ़ा है और यह 4066 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 3717 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था

अपडेटेड Jul 29, 2023 पर 8:34 PM
सरकारी कंपनी NTPC ने वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान किया है।

NTPC Q1 Result : सरकारी कंपनी NTPC ने वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान किया है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 9.4 फीसदी बढ़ा है और यह 4066 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 3717 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। जून तिमाही में ऑपरेशन से कंपनी का कुल राजस्व 39122 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्तीय वर्ष की इसी तिमाही में दर्ज 40,026 करोड़ रुपये की तुलना में 2.3 फीसदी कम है।

एक्सपर्ट्स के अनुमान से कमजोर रहे नतीजे

जून तिमाही में कंपनी के नतीजे एक्सपर्ट्स के अनुमान से कमजोर रहे। 4066 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट, 4,543.23 करोड़ के एवरेज अनुमान से कम है। इस अनुमान की गणना तीन ब्रोकरेज द्वारा साझा किए गए अनुमानों के आधार पर की गई है। इसके अलावा, 39122 करोड़ रुपये का राजस्व भी 40404.53 करोड़ रुपये के अनुमान से कम रहा।


एनटीपीसी के शेयर 28 जुलाई को BSE पर परिणाम से पहले लगभग 4 फीसदी की बढ़त के साथ 210 रुपये के भाव पर बंद हुए। इंट्राडे में कंपनी के शेयर 52-वीक के उच्चतम स्तर 210.40 रुपये पर पहुंच गए थे।

कैसे रहे तिमाही नतीजे

CNBC TV-18 की रिपोर्ट के अनुसार, EBITDA 11,369.1 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 16.7 फीसदी अधिक है। रिपोर्ट में कहा गया है कि EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर 470 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 29 फीसदी हो गया। तिमाही के दौरान, कंपनी ने Q1FY24 में 88.55 बिलियन यूनिट (बीयू) का सकल बिजली उत्पादन दर्ज किया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 90.50 बीयू के मुकाबले 2.16 फीसदी कम है।

कैप्टिव खदानों से उत्पादित कोयला जून तिमाही में 6.24 MMT रहा, जो कि एक साल पहले की अवधि में 4.10 MMT की तुलना में 52.20 प्रतिशत की तेज बढ़ोतरी को दिखाता है। एनटीपीसी ग्रुप की कुल स्थापित क्षमता Q1FY24 में 73,024 मेगावाट रही, जबकि पिछले वित्तीय वर्ष की समान तिमाही में यह 69,114 मेगावाट थी। स्टैंडअलोन लेवल पर, एनटीपीसी ने कुल स्थापित क्षमता 57,038 मेगावाट दर्ज की, जो कि Q1FY23 में 57,119 मेगावाट की तुलना में कम है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।