Olectra Greentech Q2 Result : इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली कंपनी ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक ने मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स (PAT) करीब तीन गुना बढ़कर 18.58 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के एक बयान में कहा कि एक साल पहले की अवधि में उसे 7.42 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। कंपनी के मुनाफे में यह उछाल हायर रेवेन्यू के चलते आया है। बीते शुक्रवार को कंपनी के शेयरों में 1.02 फीसदी की गिरावट आई और यह शेयर 1174.95 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
FY24 की दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 307.16 करोड़ रुपये रहा, जो पहले 177.34 करोड़ रुपये था। कंपनी ने कहा कि व्हीकल डिलीवरी में बढ़ोतरी के कारण रेवेन्यू में वृद्धि हुई है। तिमाही के दौरान ओलेक्ट्रा ने 154 इलेक्ट्रिक व्हीकल डिलीवर किए, जबकि 2022-23 की समान अवधि में 111 व्हीकल डिलीवर किए गए थे। कंपनी अब तक 1,437 से अधिक इलेक्ट्रिक व्हीकल की डिलीवरी कर चुकी है। इसमें कहा गया है कि 8,208 यूनिट्स पर बस ऑर्डर की कुल संख्या के साथ मजबूत मांग जारी है।
छमाही में कैसा रहा प्रदर्शन
कंपनी ने 30 सितंबर 2023 को समाप्त छमाही में प्रति शेयर आय (EPS) 4.40 रुपये दर्ज की, जबकि एक साल पहले की अवधि में यह 2.95 रुपये थी। 2023-24 की पहली छमाही के दौरान, PAT 36.65 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 52 फीसदी अधिक है। रेवेन्यू 523.18 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना 14 फीसदी अधिक था।
ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक के CMD केवी प्रदीप ने कहा, "हमारा फोकस अपनी मैन्युफैक्चरिंग कैपिसिटी बढ़ाने और अपनी टेक्नोलॉजी कैपिबिलिटी को बढ़ाने पर जारी है। हमारे पास एक मजबूत ऑर्डर बुक भी है।" 150 एकड़ में बन रही सीतारामपुर फैक्ट्री का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस फैक्ट्री से उत्पादन क्षमता और बढ़ेगी।