ONGC Q3 Result : सरकारी तेल और गैस कंपनी ONGC ने आज 14 फरवरी को वित्त वर्ष 2022-23 की तीसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। दिसंबर तिमाही में कंपनी के स्टैंडअलोन प्रॉफिट में 26 फीसदी का उछाल देखने को मिला है और यह 11,045 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 8,764 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। हालांकि, सितंबर तिमाही की तुलना में मुनाफा 12,826 करोड़ रुपए से 14 फीसदी कम रहा।
ओएनजीसी का स्टैंडअलोन राजस्व एक साल पहले की अवधि में 28,473 करोड़ रुपये से 36 प्रतिशत बढ़कर 38,583 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, तिमाही आधार पर राजस्व में एक फीसदी की मामूली बढ़ोतरी हुई है। सितंबर तिमाही में यह 38,321 करोड़ रुपये था। राजस्व और कमाई में वृद्धि पिछले साल की तुलना में APM गैस की कीमतों में वृद्धि के चलते हुई है। कंपनी ने कहा, "रूस-यूक्रेन संघर्ष के कारण ग्लोबल सप्लाई चेन में अनिश्चितताओं और बाधाओं ने कच्चे तेल और गैस के उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है।"
4 रुपये के डिविडेंड का ऐलान
कंपनी ने 5 रुपये के फेस वैल्यू के प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 4 रुपये का दूसरा अंतरिम डिविडेंड भी घोषित किया है। कंपनी ने इस अंतरिम डिविडेंड के भुगतान के लिए शेयरधारकों की पात्रता निर्धारित करने के लिए 24 फरवरी को रिकॉर्ड डेट के रूप में तय किया है। पात्र शेयरधारकों को 16 मार्च या उससे पहले डिविडेंड का भुगतान किया जाएगा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में 14 फरवरी को ONGC के शेयर अपने पिछले बंद भाव से 30 पैसे की मामूली बढ़त के साथ 148.45 रुपये पर बंद हुए। पिछले एक साल में स्टॉक में 10.7 प्रतिशत की गिरावट आई है; हालांकि, पिछले एक महीने में 1 प्रतिशत ऊपर है।