PNB December Quarter Results: पब्लिक सेक्टर के पंजाब नेशनल बैंक का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर शुद्ध मुनाफा 5100.15 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के मुनाफे 4508.21 करोड़ रुपये से 13 प्रतिशत ज्यादा है। कुल इनकम सालाना आधार पर 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 37253.08 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 34751.70 करोड़ रुपये थी।
दिसंबर 2025 तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) या यूं कहें कि कोर इनकम 10,533 करोड़ रुपये रही। यह सालाना आधार पर 4.5 प्रतिशत कम है। नेट इंट्रेस्ट मार्जिन घटकर 2.52 प्रतिशत रह गया, जबकि दिसंबर 2024 तिमाही में यह 2.93 प्रतिशत था। प्रोविजन बढ़कर 1,150 करोड़ रुपये पर पहुंच गए, जबकि एक तिमाही पहले ये 643 करोड़ रुपये के थे।
PNB की एसेट क्वालिटी में सुधार
दिसंबर 2025 तिमाही में PNB की एसेट क्वालिटी सुधरी है। बैंक का ग्रॉस NPA (Non-Performing Assets) रेशियो एक साल पहले के मुकाबले घटकर 4.09 प्रतिशत रह गया। एक साल पहले यह 3.19 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो भी कम होकर 0.32 प्रतिशत पर आ गया, जो दिसंबर 2024 तिमाही में 0.41 प्रतिशत था।
19 जनवरी को पंजाब नेशनल बैंक के शेयर में गिरावट है। BSE पर शेयर दिन में पिछले बंद भाव से 5.3 प्रतिशत तक टूटकर 125.30 रुपये के लो तक गया। बाद में शेयर 3 प्रतिशत गिरावट के साथ 128.05 रुपये पर बंद हुआ। बैंक का मार्केट कैप 1.47 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर एक साल में 28 प्रतिशत चढ़ा है। बैंक में दिसंबर 2025 के आखिर तक सरकार के पास 70.08 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। वित्त वर्ष 2025 के दौरान बैंक का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 1,21,760.73 करोड़ रुपये रहा था। इस बीच शुद्ध मुनाफा 16,630.20 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।