Sapphire Foods Q2 Result : केएफसी (KFC) और पिज्जा हट (Pizza Hut) चलाने वाली कंपनी सफायर फूड्स इंडिया ने मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 15.3 करोड़ रुपये रहा, जो कि पिछले वित्तीय वर्ष की समान तिमाही के 27 करोड़ रुपये से 43 फीसदी कम है। नतीजों के बीच इस समय कंपनी के शेयर 0.71 फीसदी की गिरावट के साथ 1,320.15 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे हैं।
सितंबर तिमाही में कंपनी का कुल राजस्व 643 करोड़ रुपये हो गया, जो कि एक साल पहले की तिमाही के 563 करोड़ रुपये से 14.2 फीसदी अधिक है। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में यह जानकारी दी है। कंपनी ने कहा कि कच्चे माल की मुद्रास्फीति QoQ में स्टेबल बनी हुई है और सकल मार्जिन में सालाना अहम सुधार देखा गया है।
FY24 की दूसरी तिमाही में कंपनी ने 36 रेस्टोरेंट्स (23 KFC, भारत में 9 पिज़्ज़ा हट और श्रीलंका में 4 पिज़्ज़ा हट) खोले हैं, जिससे कुल रेस्टोरेंट्स की संख्या 814 हो गई। EBIDTA 11.5 फीसदी की वृद्धि के साथ 115 करोड़ रुपये रहा और EBIDTA मार्जिन एक साल पहले की अवधि में 18.3 फीसदी की तुलना में 17.9 फीसदी हो गया। Q2 में Pizza Hut ने ओवरऑल रेस्टोरेंट्स सेल्स में 6 फीसदी की गिरावट दर्ज की, जबकि सेम-स्टोर सेल्स ग्रोथ (SSSG) में 20 प्रतिशत की गिरावट आई।
कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन
सफायर फूड्स इंडिया के शेयरों में पिछले एक महीने में 7 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है। पिछले 6 महीने में इस स्टॉक ने 6 फीसदी का रिटर्न दिया है। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों का प्रदर्शन लगभग फ्लैट रहा है। वहीं, पिछले एक साल में निवेशकों को 10 फीसदी का नुकसान हुआ है।