SBI Q3 Results: भारतीय स्टेट बैंक (State Bank of India) को वित्त वर्ष 2023-24 की अक्टूबर-दिसंबर अवधि में 9164 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ है। यह पिछले साल की इसी अवधि के 14205 करोड़ रुपये के मुनाफे से 35.49 प्रतिशत कम है। हालांकि दिसंबर 2023 तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय सालाना आधार पर 4.59 प्रतिशत बढ़कर 39,816 करोड़ रुपये रही। यह एक साल पहले 38,069 करोड़ रुपये थी।
शेयर बाजारों को दी गई जानकारी में बैंक ने कहा कि दिसंबर 2023 तिमाही में ग्रॉस एनपीए रेशियो कम होकर 2.42 प्रतिशत हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 3.14 प्रतिशत था। नेट एनपीए रेशियो जुलाई-सितंबर 2023 तिमाही के लेवल 0.64 प्रतिशत पर रहा है, जो दिसंबर 2023 तिमाही के 0.77 प्रतिशत रेशियो से कम है।
SBI Q3 Results: ग्रॉस एडवांस, डिपॉजिट
दिसंबर 2023 तिमाही में SBI के ग्रॉस एडवांस सालाना आधार पर 14.38 प्रतिशत बढ़कर 35,84,252 करोड़ रुपये हो गए। एक साल पहले ये 31,33,565 करोड़ रुपये थे। इस बीच डिपॉजिट 13 प्रतिशत बढ़कर 47,62,221 करोड़ रुपये पर पहुंच गए, जो एक साल पहले 42,13,557 करोड़ रुपये थे।
अप्रैल-दिसंबर के बीच कितना बढ़ा SBI का मुनाफा
अप्रैल-दिसंबर 2023 की बात करें तो इन 9 महीनों के दौरान State Bank of India का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 20.40 प्रतिशत बढ़कर 40,378 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 33,538 करोड़ रुपये था। इस बीच इंट्रेस्ट इनकम 27.15 प्रतिशत बढ़कर 3,04,088 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 2,39,152 करोड़ रुपये थी।
दिसंबर, 2023 तिमाही में SBI ने SBI पेंशन फंड्स प्राइवेट लिमिटेड में SBI कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड की पूरी 20 प्रतिशत हिस्सेदारी को खरीद लिया था। इसके साथ ही SBI पेंशन फंड्स प्राइवेट लिमिटेड में बैंक की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत हो गई। यह सौदा 229.52 करोड़ रुपये में हुआ।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।