Tata Chemicals Q1 Results: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा केमिकल्स ने सोमवार 7 अगस्त को जून तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 9.67 पर्सेंट गिरकर 532 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 589 करोड़ रुपये रहा था। वहीं कंपनी का रेवेन्यू जून तिमाही में 5.58 फीसदी बढ़कर 4,218 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 3,995 करोड़ रुपये रहा था।
टाटा केमिकल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ, आर मुकुंदन ने बताया, "कंपनी ने चुनौतीपूर्ण माहौल के बावजूद वित्त वर्ष 2023 की पहली तिमाही की तुलना में वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में संतोषजनक प्रदर्शन किया है। सोडा ऐश की कीमतों पर विपरीत असर पड़ा क्योंकि कई ग्राहकों ने मंगोलिया, चीन से नई सप्लाई आने के कारण अपने खरीद से जुड़े फैसलों में देरी की।"
उन्होंने कहा कि इसके अलावा कोरोना महामारी के बाद चीन की इकोनॉमी में धीमी ग्रोथ और विकसित देशों की औद्योगिक उत्पादन में नरमी से भी बिजनेस पर असर पड़ा और यह निकट अवधि में जारी रह सकता है।
आर मुकुंदन ने कहा, "कंपनी को वॉल्यूम को अधिकतम स्तर तक बढ़ाने और क्षमता के बेहतर इस्तेमाल के लिए कीमतों में बदलाव करना पड़ा। हम उम्मीद करते हैं कि सस्टेनिबिलिटी का ट्रेंड मध्यम से लंबी अवधि में सौर ग्लास और लिथियम जैसे नए एप्लिकेशन की मांग पर सकारात्मक असर डालती रहेगी।"
Tata Chemicals के नतीजे शेयर बाजार का कारोबार खत्म होने के बाद आए हैं। शुक्रवार को कंपनी के शेयर 0.71 फीसदी गिरकर 1,040 रुपये के भाव पर बंद हुए। इस साल की शुरुआत से कंपनी के शेयरों में करीब 10.48 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं पिछले एक साल में कंपनी के शेयरों में 8.67 फीसदी की गिरावट आई है।