टेलीकॉम सेक्टर से जुड़ी टाटा ग्रुप (Tata Group) की कंपनी टाटा कम्युनिकेशंस (Tata Communications) ने वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। मार्च तिमाही में कंपनी के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 10.7 फीसदी की गिरावट आई है और यह घटकर 326 करोड़ रुपये पर आ गया है। इसके पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 365 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। EBITDA एक साल पहले की अवधि में 1045.3 करोड़ रुपये से 1.1 फीसदी कम होकर 1034.2 करोड़ रुपये रहा। टाटा कम्युनिकेशंस ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में यह जानकारी दी है।
पिछले तिमाही के मुकाबले 17 फीसदी घटा मुनाफा
दिसंबर 2022 तिमाही के मुकाबले कंपनी का नेट प्रॉफिट 17 फीसदी घटा है। कंपनी को पिछली तिमाही में लगभग 394 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। आज के कारोबार में टाटा कम्युनिकेशंस लिमिटेड के शेयरों में 2.04 फीसदी की गिरावट देखी गई। यह स्टॉक NSE पर 1,188 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
हालांकि, मार्च तिमाही के दौरान टाटा कम्युनिकेशंस का रेवेन्यू बढ़ा है। कंपनी का ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू 7.2 फीसदी बढ़कर 4,568.7 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले यह 4,263 करोड़ रुपये था। टाटा कम्युनिकेशंस ने तिमाही नतीजों के साथ ही शेयर होल्डर्स के लिए डिविडेंड का ऐलान भी किया है।
21 रुपये के डिविडेंड का ऐलान
कंपनी के बोर्ड ने 31 मार्च 2023 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है। निवेशकों को 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के बदले 21 रुपये का फाइनल डिविडेंड दिया जाएगा। इसके अलावा, जून 2022 में भी कंपनी ने 20.70 रुपए प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया था। इस तरह कुल डिविडेंड 41.70 रुपये का हो जाता है। इस तरह 1,188 रुपये के मौजूदा शेयर प्राइस के हिसाब से कुल डिविडेंड 3.51 फीसदी होगा।