Tata Consumer Products Q4 Results: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने FY24 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 19 फीसदी घट गया है। कंपनी ने इस अवधि में 217 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 269 करोड़ रुपये था। इसके साथ ही कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए डिविडेंड का ऐलान किया है। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के शेयरों में आज 0.07 फीसदी की मामूली बढ़त देखी गई। यह स्टॉक BSE पर 1173.25 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। कंपनी का मार्केट कैप 1.11 लाख करोड़ रुपये है।
Tata Consumer Products का रेवेन्यू 8.5% बढ़ा
टाटा कंज्यूमर ने 23 अप्रैल को एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि 31 मार्च को समाप्त तीन महीनों में कंपनी का रेवेन्यू 8.5 फीसदी बढ़कर 3,927 करोड़ रुपये हो गया। रेवेन्यू काफी हद तक बाजार के अनुमान के मुताबिक है, लेकिन प्रॉफिट अनुमान से कमजोर रहे। मनीकंट्रोल द्वारा कराए गए सर्वे में 6 ब्रोकरेज ने सालाना आधार पर एवरेज 4.8 फीसदी की रेवेन्यू ग्रोथ के साथ 3,989 करोड़ रुपये का अनुमान लगाया था। वहीं, नेट प्रॉफिट 13.4 फीसदी बढ़कर 329 करोड़ रुपये होने की उम्मीद थी। कंपनी का EBITDA मार्जिन 190 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 16 फीसदी रहा।
भारत पैकेज्ड बेवरेज बिजनेस ने 2 फीसदी रेवेन्यू ग्रोथ प्रदान की। कंपनी ने ई-कॉमर्स चैनल में चाय के क्षेत्र में मार्केट लीडरशिप बरकरार रखा है। कॉफी ने तिमाही में 45 फीसदी की रेवेन्यू ग्रोथ के साथ अपना मजबूत प्रदर्शन जारी रखा।
Tata Consumer Products के CEO का बयान
टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के MD और CEO सुनील डिसूजा ने कहा, "भारत में हमने अपनी सेल्स और डिस्ट्रीब्यूशन इन्फ्रॉस्ट्रक्चर को मजबूत किया। मार्च 24 तक हमारी कुल पहुंच 40 लाख आउटलेट तक बढ़ गई है। हमने सभी 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में स्प्लिट रूट्स को लागू किया और वर्गीकरण और ग्रोथ में काफी सुधार देखा है। हम अपने रूर्बन फोकस को मजबूत कर रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच बढ़ा रहे हैं। अल्टरनेट चैनलों (मॉडर्न ट्रेड और ई-कॉमर्स) ने अहम मोमेंटम दर्ज की है और मजबूत ग्रोथ ड्राइवर बने हुए हैं।"