Tata Motors Q3 Results : घाटे से उबरी कंपनी, दिसंबर तिमाही में 2,958 करोड़ रुपये का मुनाफा

दिसंबर तिमाही के नतीजों के अनुसार Tata Motors घाटे से उबर गई है और उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 2,957.71 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की इसी तिमाही में टाटा मोटर्स को 1,516.14 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। तिमाही के दौरान वाहनों की बिक्री अच्छी रहने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है

अपडेटेड Jan 25, 2023 पर 7:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
दिसंबर तिमाही में कंपनी का EBITDA सालाना आधार पर 7078 करोड़ से बढ़कर 10,821 करोड़ रुपए पर और EBITDA मार्जिन 9.8 फीसदी से बढ़कर 12.23 फीसदी पर रहा है।

Tata Motors Q3 Results : कार बनाने वाली दिग्गज कंपनी टाटा मोटर्स ने आज 25 जनवरी को वित्त वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। दिसंबर तिमाही के नतीजों के अनुसार कंपनी घाटे से उबर गई है और उसका कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 2,957.71 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की इसी तिमाही में टाटा मोटर्स को 1,516.14 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। तिमाही के दौरान वाहनों की बिक्री अच्छी रहने से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है। दिसंबर 2022 तिमाही में टाटा मोटर्स की कामकाजी आय सालाना आधार पर 22.51 फीसदी बढ़ी है। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि तिमाही के दौरान उसकी कुल आय भी बढ़कर 88,489 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 72,229 करोड़ रुपये रही थी।

अनुमान से बेहतर रहे नतीजे

एनालिस्ट्स का पहले से ही अनुमान था कि दिसंबर तिमाही में टाटा मोटर्स मुनाफे में आ सकती है। बाजार का अनुमान था कि दिसंबर तिमाही में कंपनी का मुनाफा  300-800  करोड़ रुपए के बीच रह सकता है। वहीं, कंपनी को कंसोलिडेटेड बिक्री में सालाना आधार पर 14.5 फीसदी और तिमाही आधार पर 3.9 फीसदी बढ़त का अनुमान लगाया गया था। एनालिस्ट का अनुमान था कि दिसंबर तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड बिक्री 82718 करोड़ रुपए पर रह सकती है। कैश प्रॉफिट और वर्किंग कैपिटल में सुधार के चलते तिमाही में फ्री कैश फ्लो (ऑटोमोटिव) 5,300 करोड़ रुपये रहा। जबकि Q3FY22 में यह 4,000 करोड़ रुपये रहा था।


28% बढ़ा JLR का रेवेन्यू

टाटा मोटर्स ने कहा कि बीती दिसंबर तिमाही में टाटा ग्रुप की ब्रिटिश इकाई जगुआर लैंड रोवर (JLR) का राजस्व 28 प्रतिशत बढ़कर छह अरब पाउंड रहा। बेहतर सप्लाई, मजबूत मॉडल मिक्स और प्राइसिंग के चलते यह बढ़ोतरी हुई है। दिसंबर तिमाही में प्रॉफिट बिफोर टैक्स 26.5 करोड़ पाउंड था, जबकि एक साल पहले 90 लाख पाउंड का घाटा हुआ था। EBIT मार्जिन में 3.7% की बढ़ोतरी हुई है।

कंपनी का बयान

टाटा मोटर्स ने कहा कि वह वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद मांग को लेकर आशावादी बनी हुई है। कंपनी ने कहा, "हम मांग पर सतर्क रहेंगे और प्रॉफिटेबल ग्रोथ पर हमारा लगातार फोकस रहेगा। कंपनी को सेमीकंडक्टर सप्लाई में सुधार की उम्मीद है और स्टेबल कमोडिटी प्राइस से रेवेन्यू ग्रोथ बढ़ेगा। Q4FY23 में मार्जिन में सुधार और पॉजिटिव कैश डिलीवरी से मदद मिलेगी।" कंपनी ने कहा कि सेमीकंडक्टर सप्लाई और कमोडिटी कीमतों में स्थिरता से रेवेन्यू ग्रोथ, मार्जिन सुधार और पॉजिटिव कैश डिलीवरी देखने को मिली।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।