TECH MAHINDRA Q1: आईटी सेक्टर की कंपनी टेक महिंद्रा (TECH MAHINDRA) ने 30 जून 2022 को खत्म हुए वित्त वर्ष 2022-23 के पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस अवधि में कंपनी के मुनाफे में तिमाही आधार पर 24.8 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है और ये 1,132 करोड़ रुपए पर रहा है। पहली तिमाही में वेतन में बढ़ोतरी, ट्रेवल और वीजा लागत में बढ़त के कारण कंपनी के मार्जिन और मुनाफे पर दबाव रहा है। मार्च तिमाही में पुणे स्थित इस आईटी कंपनी का मुनाफा 1506 करोड़ रुपए रहा था। सालाना आधार पर देखें तो कंपनी के मुनाफे में 16.4 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही में कंपनी को 1,353 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था।
30 जून 2022 को खत्म हुई पहली तिमाही में कंपनी का कंसोलीडेटेड रेवेन्यू 12,708 करोड़ रुपए पर रहा है। इसमें तिमाही आधार पर 4.9 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। बता दें कि जनवरी-मार्च 2022 तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड रेवेन्यू 12,116 करोड़ रुपए रही थी। पहली तिमाही में कंपनी के कंसोलीडेटेड रेवेन्यू में सालाना आधार पर 24.6 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड रेवेन्यू 10,198 करोड़ रुपए रही थी।
पहली तिमाही में कंपनी की डॉलर आय 163.2 करोड़ डॉलर रही है। हालांकि इसके 162.85 करोड़ डॉलर रहने का अनुमान था। वही, इस अवधि में कंपनी की कॉन्सटेन्ट करेंसी रेवेन्यू ग्रोथ तिमाही आधार पर 3.5 फीसदी पर रही है।
बता दें कि पहली तिमाही में कंपनी के टेलीकॉम बिजनेस में आमतौर पर कमजोरी रहती है। इसलिए कंपनी के पहली तिमाही के नतीजे सीजनली कमजोर रहते हैं। ये स्टॉक दिसंबर 2021 के अपने ऑलटाइम हाई से करीब 44 फीसदी नीचे आ गया है। आज ये स्टॉक एनएसी पर 11.45 रुपए यानी 1.11 फीसदी टूट कर 1017.25 के स्तर पर बंद हुआ है। इस स्टॉक का आज दिन का लो 1008.25 रुपए और दिन का हाई 1028.90 रुपए का है। स्टॉक का 52 वीक लो 943.70 रुपए का और 52 वीक हाई 1838 रुपए का है। स्टॉक का वाल्यू 2,888919 शेयरों का है। कंपनी की मार्केट कैप 98955 करोड़ रुपए है।