Varun Beverages Q2 Result : Varun Beverages ने वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा कर दी है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 25.3 फीसदी बढ़ा है और यह 1005.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 802 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि दूसरी तिमाही में इसका कुल राजस्व 5699.7 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की अवधि में 5,017.57 करोड़ रुपये से 13.5 फीसदी अधिक है।
क्या है बेहतर मुनाफे की वजह
वरुण बेवरेजेज बेवरेज इंडस्ट्री में एक प्रमुख कंपनी है। यह अमेरिका के बाहर दुनिया में पेप्सिको की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी में से एक है। बता दें कि यह कंपनी जनवरी-दिसंबर को अकाउंटिंग ईयर के रूप में मानती है। वरुण बेवरेजेज ने ऑपरेशन से राजस्व में वृद्धि और मार्जिन में सुधार के कारण गुरुवार को दूसरी तिमाही में उम्मीद से बेहतर मुनाफा दर्ज किया। इस समय यह स्टॉक NSE पर 1.91 फीसदी की बढ़त के साथ 823.50 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है।
कंपनी के चेयरमैन ने क्या कहा?
चेयरमैन रवि जयपुरिया ने कहा, "पूरी तिमाही में असामान्य रूप से उच्च बेमौसम बारिश के कारण भारत में नरम मांग के माहौल का सामना करने के बावजूद हमने तिमाही में लचीला प्रदर्शन किया है।" EBITDA 1,511 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना 20.8 फीसदी बढ़ा है। कंपनी ने कहा कि हायर ग्रॉस मार्जिन और ऑपरेशनल एफशिएंसी के कारण EBITDA मार्जिन 169 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 26.9 फीसदी हो गया।
कंपनी के बोर्ड ने अपने निवेशकों के लिए 1.25 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी। इसमें टोटल कैश आउटफ्लो लगभग 162.4 करोड़ रुपये होगा। तिमाही के दौरान कंपनी ने पेय पदार्थों के मैन्युफैक्चरिंग और डिस्ट्रिब्यूशन के बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए जोहान्सबर्ग में एक नई सब्सिडियरी कंपनी, वरुण बेवरेजेज साउथ अफ्रीका (पीटीवाई) लिमिटेड की स्थापना की।
इसने राजस्थान के बूंदी और मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक नई फैसिलिटी शुरू की और साथ ही छह मौजूदा स्थानों पर कैपिसिटी बढ़ाया। कंपनी ने हाल ही में कुछ इलाकों में पेप्सी ब्लैक के लिए 100 फीसदी रिसायकल की जाने वाली प्लास्टिक की बोतलें भी पेश की हैं।