Vodafone Idea Q1: कर्ज में डूबी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया ने आज 12 अगस्त को वित्त वर्ष 2024-2025 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अप्रैल-जून तिमाही के दौरान कंपनी का घाटा कम हुआ है। कंपनी ने इस अवधि में 6,432 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट लॉस दर्ज किया। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी को 7840 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। इस बीच वोडा-आइ़डिया के शेयरों में आज 0.50 फीसदी की गिरावट देखी गई और यह स्टॉक NSE पर 16.02 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। कंपनी ने बाजार बंद होने के बाद नतीजे जारी किए हैं।
जून तिमाही में Vodafone Idea का रेवेन्यू 1.3% घटा
जून तिमाही के दौरान वोडा-आइडिया का रेवेन्यू सालाना आधार पर 1.3 फीसदी घटकर 10508.3 करोड़ रुपये पर आ गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा 10655.5 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान कंपनी का एवरेज रेवेन्यू पर यूजर यानी ARPU 146 रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के 139 रुपये से 4.5 प्रतिशत अधिक है।
तिमाही के दौरान कंपनी के 4G ग्राहकों की संख्या बढ़कर 12.67 करोड़ हो गई, जबकि वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही में यह 12.29 करोड़ थी। दूरसंचार कंपनी का तिमाही EBITDA सालाना आधार पर 4.2 फीसदी बढ़कर 2100 करोड़ रुपये हो गया।
Vodafone Idea के CEO ने नतीजों पर क्या कहा?
वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के CEO अक्षय मूंदड़ा ने नतीजों पर टिप्पणी करते हुए कहा, "हाल ही में इक्विटी जुटाने के बाद हम अपने 4जी कवरेज और क्षमता का विस्तार करने के साथ-साथ 5जी सेवाओं की शुरुआत करने की प्रक्रिया में हैं। कुछ कैपेक्स का आदेश पहले ही दिया जा चुका है और एग्जीक्यूशन हो रहा है, जिसके आधार पर हमें उम्मीद है कि सितंबर 2024 के अंत तक हमारी डेटा कैपिसिटी में ~15% की वृद्धि होगी और 4जी आबादी कवरेज में ~16 मिलियन की वृद्धि होगी।"