Vodafone Idea Q4 results: मार्च तिमाही में 7674 करोड़ रुपये का घाटा, 146 रुपये पर ARPU

Vodafone Idea march quarter results: तिमाही के दौरान कंपनी के रेवेन्यू में मामूली बढ़ोतरी देखी गई। यह पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 10531 करोड़ रुपये से मामूली रूप से बढ़कर 10606 करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा, वोडाफोन आइडिया का एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) 146 रुपये है

अपडेटेड May 16, 2024 पर 8:05 PM
Vodafone Idea ने आज 16 मई को वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं।

Vodafone Idea results: टेलीकॉम ऑपरेटर वोडाफोन आइडिया ने आज 16 मई को वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का नेट लॉस बढ़कर 7674 करोड़ रुपये हो गया है। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी का घाटा 6418.9 करोड़ रुपये था। हालांकि, तिमाही के दौरान कंपनी के रेवेन्यू में मामूली बढ़ोतरी देखी गई। यह पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के 10531 करोड़ रुपये से मामूली रूप से बढ़कर 10606 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी के शेयरों में आज 0.30 फीसदी की मामूली गिरावट आई है और यह स्टॉक 13.15 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।

Vodafone Idea के ARPU में मामूली बढ़ोतरी

तिमाही के दौरान वोडाफोन आइडिया का एवरेज रेवेन्यू पर यूजर (ARPU) मामूली रूप से बढ़कर 146 रुपये हो गया है। यह पिछली तिमाही (Q3FY24) में 145 रुपये और पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 135 रुपये था। कंपनी को मुख्य रूप से एंट्री-लेवल प्लान में बदलाव और सब्सक्राइबर अपग्रेड से मदद मिली है।


वोडाफोन आइडिया ने यह भी बताया कि तिमाही के दौरान इसने विलय के बाद की सबसे अधिक तिमाही EBITDA 2180 करोड़ रुपये दर्ज की, जो कि सालाना आधार पर 5.4 फीसदी अधिक है। EBITDA मार्जिन साल-दर-साल 40 प्रतिशत के मुकाबले 40.9 प्रतिशत रहा।

वोडाफोन आइडिया ने कहा कि उसके 4G ग्राहकों की संख्या में लगातार ग्यारहवीं तिमाही में बढ़ोतरी जारी रही। Q4FY24 के अंत में 4G सब्सक्राइबर्स की संख्या 12.63 करोड़ रही, जबकि Q4FY23 में यह 12.26 करोड़ थी। ओवरऑल सब्सक्राइब बेस 21.26 करोड़ रही। तिमाही के लिए कुल डेटा ट्रैफिक में सालाना आधार पर 4.3 फीसदी की वृद्धि देखी गई।

Vodafone Idea के CEO का बयान

तिमाही नतीजों पर टिप्पणी करते हुए वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के CEO अक्षय मूंदड़ा ने कहा, "हमें लगातार दूसरे साल एनुअल रेवेन्यू और EBITDA (preIndAS) ग्रोथ की रिपोर्ट जारी करते हुए खुशी हो रही है, जो कि पिछले कई तिमाहियों में लगातार बेहतर प्रदर्शन के कारण है, जबकि निवेश में काफी कमी आई है, यह हमारी एग्जीक्यूशन कैपिबिलिटी का क्लियर रिफ्लेक्शन है।"

4G ग्रोथ पर मूंदड़ा ने कहा, "हमने लगातार 11 तिमाहियों में ARPU और 4G सब्सक्राइबर्स में ग्रोथ दर्ज की है। लगभग 215 अरब रुपये की हमारी इक्विटी फंड जुटाने से हम अपने 4G कवरेज का विस्तार करने के लिए इनवेस्टमेंट सायकल को शुरू करने में सक्षम होंगे और साथ ही इंडस्ट्री ग्रोथ के अवसरों में प्रभावी रूप से भाग लेने के लिए 5G सर्विसेज लॉन्च करेंगे। हम अपने ओवरऑल नेटवर्क एक्सपेंशन प्लान के एग्जीक्यूशन के लिए डेट फंडिंग के लिए अपने लेंडर्स के साथ जुड़े हुए हैं।"

वोडाफोन आइडिया ने हाल ही में भारत में सबसे बड़े FPO के माध्यम से 180 अरब रुपये जुटाए हैं। फंड जुटाने के बारे में जानकारी देते हुए टेलीकॉम कंपनी ने कहा कि वह 250 अरब रुपये जुटाने और 100 अरब रुपये तक की अतिरिक्त नॉन-फंड-बेस्ड फैसिलिटी के लिए बैंकों के एक कंसोर्टियम के साथ चर्चा कर रही है। कंपनी ने कहा, "सितंबर 2021 में टेलीकॉम रिफॉर्म पैकेज के बाद हमारा बैंक एक्सपोजर ~346 अरब रुपये कम हो गया है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।