Wipro Q4FY23 Result : मार्च तिमाही में 3074 करोड़ का मुनाफा, 12000 करोड़ के शेयर बायबैक का ऐलान

Wipro का मुनाफा मार्च तिमाही में सालाना आधार पर लगभग फ्लैट रहा है। वहीं, कंपनी का ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू 11.17 फीसदी बढ़कर 23,190.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा 20,860 करोड़ रुपये था

अपडेटेड Apr 27, 2023 पर 5:15 PM
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी Wipro ने आज गुरुवार को वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है।

Wipro Q4FY23 Result : आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी Wipro ने आज गुरुवार को वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 3,074.5 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में भी Wipro को 3087.3 करोड़ रुपये का लगभग समान मुनाफा हुआ था। इसका मतलब है कि सालाना आधार पर कंपनी का मुनाफा लगभग फ्लैट रहा है। हालांकि, जनवरी-मार्च 2023 में कंपनी का ऑपरेशन से होने वाला रेवेन्यू 11.17 फीसदी बढ़कर 23,190.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा 20,860 करोड़ रुपये था।

12000 करोड़ रुपये के शेयर बायबैक का ऐलान

कंपनी ने 12000 करोड़ रुपये से अधिक के शेयर बायबैक प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। यह बायबैक 445 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर किया जाएगा। इस बायबैक के तहत कंपनी 26.96 करोड़ इक्विटी शेयरों की खरीद करेगी। यह कंपनी के टोटल पेड-अप इक्विटी शेयरों का 4.91 फीसदी है।


कैसे रहे तिमाही नतीजे

BSE फाइलिंग के अनुसार FY23 की चौथी तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च 19531.6 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान तिमाही में यह आंकड़ा 17,457.1 करोड़ रुपये था। कंपनी के आईटी सर्विसेज सेगमेंट का राजस्व सालाना आधार पर 4 फीसदी की वृद्धि के साथ 282.3 करोड़ डॉलर हो गया। यह सपाट रहा है और ऑपरेटिंग मार्जिन भी 16.3 प्रतिशत पर फ्लैट रहा।

कंपनी का बयान

विप्रो के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर जतिन दलाल ने कहा, “हम ऑपरेशनल इंप्रुवमेंट और प्रोडक्टिविटी में बढ़ोतरी पर अपना फोकस बनाए रखेंगे।" विप्रो के MD और CEO थिएरी डेलापोर्टे ने कहा, "हमने FY23 में सबसे मजबूत बुकिंग दर्ज की है। हमने लगातार दो तिमाहियों में 4.1 अरब डॉलर से अधिक की कुल बुकिंग दर्ज की है। इस तिमाही में हमारी बड़ी डील ऑर्डर बुकिंग सालाना आधार पर 155 फीसदी बढ़ी है। हम अपने शेयर बायबैक की घोषणा करते हुए भी खुश हैं। यह फैसला शेयरधारकों को लगातार रिटर्न देने के हमारे फिलॉसफी का हिस्सा है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।