ED ने Xiaomi के पूर्व इंडिया हेड को भेजा समन, चाइनीज कंपनी के खिलाफ बढ़ाया जांच का दायरा

ED ने पिछले साल दिसंबर में शाओमी के ऑफिसों में कथित टैक्स चोरी को लेकर एक अलग जांच में छापा मारा था

अपडेटेड Apr 12, 2022 पर 7:47 PM
Story continues below Advertisement
ED ने शाओमी के पूर्व इंडिया मैनेजिंग डायरेक्टर मनु कुमार जैन को भी जांच के लिए बुलाया था

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चाइनीज कंपनी शाओमी कॉरपोरेशन (Xiaomi) के पूर्व इंडिया हेड को जांच के लिए बुलाया है। ED यह जानना चाहता है कि क्या कंपनी की बिजनेस प्रैक्टिस भारतीय विदेशी मुद्रा कानूनों के अनुरूप है या नहीं? न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने दो सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।

ED कम से कम इस साल फरवरी से कंपनी के खिलाफ जांच कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि हाल ही में ED के अधिकारियों ने शाओमी के पूर्व इंडिया मैनेजिंग डायरेक्टर मनु कुमार जैन को बुलाया था। जैन को बुलाने की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। जैन अभी शाओमी के ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट हैं और उसके दुबई ऑफिस में तैनात हैं।

जांच के बारे में पूछे जाने पर शाओमी के एक प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी सभी भारतीय कानूनों और रेगुलेशन का पूरी तरह से पालन करती है। बयान में कहा गया है, "हम जांच में अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उन्हें जांच के लिए सभी जरूरी जानकारी मिल सके।"


यह भी पढ़ें- Mutual Funds ने इन 10 कंपनियों में खरीदे ₹1,000 करोड़ से ज्यादा के शेयर, ITC में घटाई हिस्सेदारी

ED के इस एक्शन से संकेत मिलता है कि वह शाओमी के खिलाफ व्यापक जांच कर रहा है। ED ने पिछले साल दिसंबर में शाओमी के ऑफिसों में कथित टैक्स चोरी को लेकर एक अलग जांच में छापा मारा था। उस समय कुछ अन्य चीनी स्मार्टफोन कंपनियों के भी ऑफिस में छापे मारे गए थे।

ED की जांच शाओमी इंडिया, इसके कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरर्स और चीन में स्थित इसकी पैरेंट कंपनी के बीच मौजूदा बिजनेस स्ट्रक्चर की तलाश से जुड़ी है। एक सूत्र ने बताया कि शाओमी इंडिया से इसकी पैरेंट कंपनी को भेजे जाने वाले फंड की जांच की जा रही है। इसमें रॉयल्टी पेमेंट के लिए किया जाने वाला भुगतान भी शामिल हैं।

एक दूसरे सूत्र ने बताया ED ने फरवरी में शाओमी के जैन को एक नोटिस भेजा था, जिसमें कंपनी से जुड़े दस्तावेजों को पेश करने को कहा गया था। इन दस्तावेजों में विदेशी फंडिंग, शेयरहोल्डिंग और फंडिंग पैटर्न, फाइनेंशियल स्टेटमेंट और कारोबार चलाने वाले प्रमुख अधिकारियों की जानकारी शामिल है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।