Mutual Funds ने इन 10 कंपनियों में खरीदे ₹1,000 करोड़ से ज्यादा के शेयर, ITC में घटाई हिस्सेदारी

म्यूचुअल फंड्स ने पिछले महीने सबसे अधिक खरीदारी कोटक महिंद्रा बैंक में की और इसके 2,722 करोड़ रुपये से अधिक के शेयर खरीदे

अपडेटेड Apr 12, 2022 पर 5:34 PM
Story continues below Advertisement
म्यूचुअल फंड्स ने मार्च में आईटीसी के करीब 3,005 करोड़ रुपये के शेयर बेचे

म्यूचुअल फंड्स (Mutual Funds) मैनेजरों ने मार्च महीने में कम से कम 10 कंपनियों के शेयरों में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की खरीदारी की है। वहीं आईटीसी (ITC), हिंडाल्को इंडस्ट्रीज (Hindalco Industries), सन फार्मा (Sun Pharma) और टीसीएस (TCS) सहित कुछ कंपनियों के शेयरों में उन्होंने अपनी हिस्सेदारी घटाई है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक म्यूचुअल फंड्स ने मार्च महीने में कोटक महिंद्रा बैंक, ICICI बैंक और HDFC जैसे बैकिंग शेयरों, ONGC, रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और गेल (GAIL) जैसे ऑयल एंड गैस कंपनियों के शेयर और अल्ट्राटेक सीमेंट व अंबुजा सीमेंट्स जैसे सीमेंट कंपनियों के शेयरों में खरीदारी की है।

कोटक महिंद्रा बैंक में की सबसे अधिक खरीदारी

म्यूचुअल फंड्स ने पिछले महीने सबसे अधिक खरीदारी कोटक महिंद्रा बैंक में की और इसके 2,722 करोड़ रुपये से अधिक के शेयर खरीदे। 31 मार्च तक के आंकड़ों के मुताबिक, कोटक महिंद्रा बैंक के अब 17.36 करोड़ शेयर म्यूचुअल फंड्स के पास है, जबकि 28 फरवरी तक यह आंकड़ा 15.81 करोड़ शेयरों का था।


यह भी पढ़ें- इस साल 60% ऊपर भागा ये शेयर, Dolly Khanna ने भी बढ़ाया स्टेक, क्या आप भी लेना चाहेंगे

किन शेयरों में MF ने कितनी खरीदारी की?

म्यूचुअल फंड्स ने मार्च में HDFC के 2,128 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं उन्होंने ONGC में 2027 करोड़ रुपये, मारुति सुजुकी में 1,927 करोड़ रुपये, हिंदुस्तान यूनिलीवर में 1,496 करोड़ रुपये, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1,395 करोड़ रुपये, कोफोर्ज में 1,339 करोड़ रुपये और इंडियन होटल्स में 1,322 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। म्यूचुअल फंड्स मैनेजरों ने वेदांता में उन्होंने 1,306 करोड़ रुपये और ICICI बैंक में 1,187 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

ITC में घटाई 3,000 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी

इस बीच म्यूचुअल फंड्स ने मार्च महीने में कई शेयरों में बिकवाली भी की। इसमें सबसे ऊपर आईटीसी लिमिटेड का नाम रहा, जिसके करीब 3,005 करोड़ रुपये के शेयर पिछले महीने बेचे गए। 31 मार्च तक के आंकड़ों के मुताबिक, ITC के करीब 118.90 करोड़ शेयर म्यूचुअल फंड्स के पास है, जबकि 28 फरवरी तक यह आंकड़ा 130.8 करोड़ शेयर था।

इन शेयरों में भी MF मैनेजरों ने की बिकवाली

फंड मैनेजरों ने हिंडाल्को इंडस्ट्रीज में 1,535 करोड़ रुपये और सन फार्मा में 1,069 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी बेची है। इसके अलावा उन्होंने UPL, भारतीय एयरटेल, JSW स्टील, सिप्ला, टीसीएस, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, IOC और टाटा मोटर्स जैसी कंपनियों में भी अपनी हिस्सेदारी घटाई है। ब्रोकरेज और रिसर्च फर्म एडलवाइज सिक्योरिटीज के जुटाए आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।