Jupiter Wagons ने कोरिया की Woojin Industrial Systems Co., Ltd. के साथ हाथ मिलाया है। 23 नवंबर 2026 को स्टॉक एक्सचेंज को दी जानकारी में कंपनी ने बताया कि उसने Woojin के साथ एक फ्रेमवर्क एग्रीमेंट किया है। दोनों कंपनियां एक कंसोर्टियम और जॉइंट वेंचर (JV) के जरिए भारत में रोलिंग स्टॉक के मौकों पर मिलकर काम करेंगी। इस जॉइंट वेंचर में मेजॉरिटी हिस्सेदारी Jupiter Wagons की होगी।
मेट्रो टेंडर में मिलकर लगाएंगी बोली
इस साझेदारी का पहला हिस्सा मेट्रो कोच से जुड़ा है। दोनों कंपनियां मेट्रो टेंडर के लिए साथ मिलकर बोली लगाएंगी और जॉइंट वेंचर के जरिए भारत में ही मेट्रो कोच बनाएंगी। कंपनी ने इसे "मेक इन इंडिया" को सपोर्ट करने वाला कदम बताया है।
Woojin देगी प्रोपल्शन सिस्टम की टेक्नोलॉजी
दूसरा हिस्सा प्रोपल्शन सिस्टम का है, यानी वो सिस्टम जो ट्रेन को आगे बढ़ाने की ताकत देता है। Woojin अपनी नो हाउ देगी और प्रोपल्शन सिस्टम, इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (EMU), ट्रेन कंट्रोल एंड मैनेजमेंट सिस्टम (TCMS) और इनसे जुड़े प्रोडक्ट्स की टेक्नोलॉजी ट्रांसफर करेगी। इसका इस्तेमाल भारत में इनकी लोकल डिजाइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग और मेंटेनेंस में होगा। ये प्रोडक्ट्स मेट्रो कोच, वंदे भारत ट्रेनों और देश के दूसरे रेलवे प्रोजेक्ट्स के लिए होंगे।
कंपनी के मुताबिक प्रस्तावित JV मेट्रो कोच की पूरी टेक्नोलॉजी ट्रांसफर लेकर आएगा। साथ ही मेट्रो, EMU, वंदे भारत, सेमी हाई स्पीड और हाई स्पीड ट्रेनों में लगने वाले प्रोपल्शन सिस्टम की टेक्नोलॉजी भी मिलेगी। इससे कंपनी का रेल पोर्टफोलियो पहियों से लेकर ट्रैक्शन मोटर तक पूरा हो जाएगा। मतलब ट्रेन के नीचे घूमते पहियों से लेकर उसे खींचने वाली मोटर तक, सब कुछ कंपनी के दायरे में आ जाएगा।
जॉइंट वेंचर में 80 फीसदी हिस्सेदारी Jupiter Wagons की
भारत में जॉइंट वेंचर बनने के बाद उसकी इश्यू की गई इक्विटी शेयर कैपिटल में Jupiter Wagons की 80 फीसदी और Woojin की 20 फीसदी हिस्सेदारी होगी। फिलहाल Jupiter Wagons की Woojin में कोई हिस्सेदारी नहीं है। इस समझौते के तहत किसी भी पार्टी को शेयर जारी नहीं किए जा रहे हैं।
किसकी क्या होगी जिम्मेदारी
कंसोर्टियम में Jupiter Wagons लीड पार्टनर रहेगी। JV को खड़ा करने और चलाने का खर्च कंपनी उठाएगी, जिसमें जमीन, प्लांट, मशीनरी और वर्किंग कैपिटल शामिल हैं। लोकल एग्जीक्यूशन भी Jupiter Wagons ही संभालेगी। दूसरी तरफ Woojin रेफरेंस क्रेडेंशियल्स, टेक्निकल सपोर्ट, कोर कंपोनेंट्स और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर देगी।
कंपनी ने ये भी बताया है कि Woojin एक स्वतंत्र कंपनी है और उसका प्रमोटर, प्रमोटर ग्रुप या ग्रुप कंपनियों से किसी भी तरह का कोई संबंध नहीं है। ये सौदा रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन के दायरे में भी नहीं आता।
52 हफ्ते के हाई से 48 फीसदी नीचे शेयर
Jupiter Wagons का शेयर 185.45 रुपये पर है। इसका 52 हफ्ते का हाई 358.20 रुपये और 52 हफ्ते का लो 169.50 रुपये है। मौजूदा भाव 52 हफ्ते के हाई से 48.23 फीसदी नीचे और लो से 9.41 फीसदी ऊपर है।
कंपनी का फुल मार्केट कैप 7925.58 करोड़ रुपये और फ्री फ्लोट मार्केट कैप 2511.52 करोड़ रुपये है। JV की इस खबर के बाद शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।