Tata Sons Listing: नोएल टाटा की आपत्ति के बाद बोर्ड मीटिंग टली, अब 30 नवंबर को होगा लिस्टिंग पर फैसला

Tata Sons Listing: टाटा ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी टाटा संस की लिस्टिंग पर फैसला अब 30 नवंबर को होगा। नोएल टाटा की आपत्ति के बाद बोर्ड मीटिंग चार दिन टाल दी गई है। बैठक में RBI के आदेश और लिस्टिंग से बचने के विकल्पों पर चर्चा होगी। क्या IPO का रास्ता बदलेगा? समझिए पूरी तस्वीर।

अपडेटेड Nov 23, 2026 पर 6:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
30 नवंबर की बैठक में सबसे अहम मुद्दा Tata Sons की लिस्टिंग का होगा।

Tata Sons Listing: टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी Tata Sons की लिस्टिंग पर फैसला कुछ दिन और टल गया है। कंपनी के बोर्ड की अहम बैठक अब 26 नवंबर की जगह 30 नवंबर को होगी। इस बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के लिस्टिंग आदेश और इससे बचने के दूसरे विकल्पों पर चर्चा होनी है।

बैठक टालने की वजह टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की आपत्ति है। उन्होंने रविवार को एक पत्र लिखकर बैठक बुलाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। उनका कहना था कि बोर्ड मीटिंग के लिए कम से कम सात दिन पहले नोटिस दिया जाना चाहिए। जबकि इस बार बैठक का एजेंडा सिर्फ चार दिन पहले जारी किया गया था।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक का एजेंडा नहीं बदला गया है। सिर्फ तारीख आगे बढ़ाई गई है, ताकि सभी डायरेक्टर्स को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।


Tata Sons की लिस्टिंग पर होगी चर्चा

30 नवंबर की बैठक में सबसे अहम मुद्दा Tata Sons की लिस्टिंग का होगा। RBI ने 16 नवंबर को कंपनी के अधिकारियों को पत्र लिखकर साफ किया था कि उसे लिस्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ानी होगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के नेतृत्व में कंपनी IPO की तैयारी कर रही है। अगर बोर्ड लिस्टिंग को मंजूरी देता है, तो कंपनी को तय समय में ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल करना होगा।

कुछ रिपोर्ट्स में Tata Sons की वैल्यूएशन ₹15 लाख करोड़ से ज्यादा बताई गई है। ऐसे में इसका IPO देश के सबसे बड़े IPO में शामिल हो सकता है।

नोएल टाटा क्यों कर रहे हैं विरोध?

नोएल टाटा का मानना है कि लिस्टिंग से टाटा ग्रुप के काम करने के तरीके में बदलाव आ सकता है। वह इसके बजाय ऐसे विकल्प चाहते हैं, जिनसे कंपनी को शेयर बाजार में लिस्ट होने की जरूरत न पड़े।

उनकी ओर से एक विकल्प यह भी सुझाया गया है कि Tata Sons का पुनर्गठन करके उसे ऑपरेटिंग कंपनी बनाया जाए। इससे RBI के लिस्टिंग नियमों से राहत मिलने की संभावना पर विचार किया जा सकता है।

नोएल टाटा की एक और चिंता शापूरजी पलोनजी (SP) ग्रुप की हिस्सेदारी को लेकर है। SP ग्रुप के पास Tata Sons की करीब 18% हिस्सेदारी है। नोएल चाहते हैं कि इस हिस्सेदारी के बदले ग्रुप को नकदी जुटाने में मदद देने के विकल्पों पर भी चर्चा हो।

Agratas और SP ग्रुप के पत्र पर भी चर्चा

बैठक में टाटा ग्रुप के बैटरी कारोबार Agratas पर भी प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। इसके अलावा SP ग्रुप की ओर से हाल में भेजे गए पत्र पर भी चर्चा हो सकती है।

Tata Sons की पिछली बोर्ड मीटिंग 17 सितंबर को हुई थी। इसमें एन चंद्रशेखरन को दोबारा चेयरमैन बनाने का फैसला हुआ था। हालांकि, लिस्टिंग के मुद्दे पर बोर्ड के भीतर मतभेद सामने आए थे। नोएल टाटा ने दोनों प्रस्तावों के खिलाफ वोट दिया था। वहीं, टाटा ट्रस्ट्स के एक अन्य नॉमिनी डायरेक्टर वेणु श्रीनिवासन ने बहुमत के साथ मतदान किया था।

टाटा स्टील डील से APL Apollo के छोटे निवेशकों को लग सकता है बड़ा झटका, स्टॉक 22% क्रैश हुआ

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।