टाटा स्टील डील से APL Apollo के छोटे निवेशकों को लग सकता है बड़ा झटका, स्टॉक 22% क्रैश हुआ

Tata Steel-APL Apollo Deal: टाटा स्टील और APL Apollo की डील से शेयरधारकों की चिंता बढ़ी है। APL Apollo के छोटे निवेशकों को वैल्यूएशन घटने और भारी कर्ज का डर है। वहीं टाटा स्टील को डाउनस्ट्रीम कारोबार में विस्तार का फायदा मिल सकता है। एनालिस्टों से समझिए समझौते की पूरी तस्वीर।

अपडेटेड Nov 23, 2026 पर 5:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ICICI सिक्योरिटीज के विकास सिंह के मुताबिक, प्रमोटर के बाहर निकलने से APL Apollo को अब तक मिलने वाला वैल्यूएशन प्रीमियम घट सकता है।

टाटा ग्रुप की दिग्गज कंपनी टाटा स्टील और APL Apollo Tubes के बीच प्रस्तावित डील से दोनों कंपनियों के शेयरधारकों की चिंता बढ़ गई है। खासकर APL Apollo के छोटे निवेशकों के लिए यह घाटे का सौदा साबित हो सकता है। एनालिस्ट्स का कहना है कि इससे कंपनी के शेयर की वैल्यूएशन घट सकती है। साथ ही, भारी कर्ज का बोझ और कमाई के अनुमान में कटौती का खतरा भी है।

इसका असर सोमवार, 23 नवंबर को शेयर बाजार में भी दिखा। APL Apollo का शेयर 21.79% गिरकर ₹1,659.40 पर आ गया। शेयर में लगातार लोअर सर्किट लगा। वहीं, टाटा स्टील का शेयर भी 8.43% टूकर ₹163 पर बंद हुआ।

क्या है पूरा सौदा?


टाटा स्टील ने APL Apollo के प्रमोटर ग्रुप की एक कंपनी से 26.38% हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है। इसके लिए ₹15,511 करोड़ चुकाए जाएंगे। इस सौदे के चलते टाटा स्टील को 26% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के लिए ओपन ऑफर भी लाना होगा। इसकी कीमत ₹2,301.40 प्रति शेयर रखी गई है।

ओपन ऑफर समेत टाटा स्टील का कुल निवेश ₹32,266 करोड़ तक पहुंच सकता है। इससे कंपनी की APL Apollo में हिस्सेदारी बढ़कर 52.4% हो सकती है।

सोमवार को APL Apollo के 2.77 करोड़ शेयरों का ब्लॉक डील में कारोबार हुआ। यह कंपनी की कुल इक्विटी का करीब 10% है। इस डील की वैल्यू ₹5,825 करोड़ रही। शेयरों का सौदा ₹2,100 प्रति शेयर के भाव पर हुआ।

APL Apollo के छोटे निवेशकों को क्यों डर?

ICICI सिक्योरिटीज के विकास सिंह के मुताबिक, प्रमोटर के बाहर निकलने से APL Apollo को अब तक मिलने वाला वैल्यूएशन प्रीमियम घट सकता है। उनका अनुमान है कि कंपनी का EV/EBITDA मल्टीपल पहले के 25-26 गुना से घटकर करीब 20 गुना रह सकता है।

कंपनी में पब्लिक शेयरधारकों की हिस्सेदारी करीब 72% है। वहीं, ओपन ऑफर सिर्फ 26% शेयरों के लिए है। ऐसे में अगर ओपन ऑफर को ज्यादा रिस्पॉन्स मिलता है, तो निवेशक अपने सभी शेयर नहीं बेच पाएंगे। बाकी शेयरों पर वैल्यूएशन घटने का दबाव रह सकता है।

इक्विरस के मौलिक पटेल ने भी कमाई के अनुमान में बड़ी कटौती की आशंका जताई है। इसकी वजह टाटा स्टील के कारोबार को खरीदने के लिए जुटाया जाने वाला कर्ज है। एनालिस्ट्स के मुताबिक, शुरुआत में इस कर्ज का बड़ा हिस्सा APL Apollo की बैलेंस शीट पर रह सकता है। इसे टाटा स्टील के खातों में शामिल होने में 12-15 महीने लग सकते हैं।

टाटा स्टील को क्या फायदा होगा?

इस सौदे से टाटा स्टील को रणनीतिक फायदा मिल सकता है। विकास सिंह के मुताबिक, कंपनी को 50 लाख टन से ज्यादा की डाउनस्ट्रीम क्षमता मिलेगी।

वहीं, मौलिक पटेल का कहना है कि दोनों कंपनियों की कुल डाउनस्ट्रीम क्षमता करीब 75 लाख टन हो सकती है। इसे आगे बढ़ाकर 1.05 करोड़ टन और फिर 1.5 करोड़ टन तक ले जाने की योजना है। इससे टाटा स्टील की डाउनस्ट्रीम कारोबार में स्थिति मजबूत हो सकती है। हालांकि, इस विस्तार के लिए कंपनी को भारी निवेश और कर्ज का बोझ भी उठाना पड़ सकता है।

Bonus Share: महिंद्रा की कंपनी दे रही हर शेयर पर एक मुफ्त, जानें रिकॉर्ड डेट समेत पूरी डिटेल

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।