Jupiter Wagons Share: रेलवे सेक्टर की कंपनी Jupiter Wagons अब भारत में मेट्रो कोच और उनके लिए जरूरी प्रोपल्शन सिस्टम भी बनाएगी। इसके लिए कंपनी ने दक्षिण कोरिया की Woojin Industrial Systems के साथ फ्रेमवर्क एग्रीमेंट किया है। दोनों कंपनियां मिलकर जॉइंट वेंचर (JV) बनाएंगी। इसमें Jupiter Wagons की 80% हिस्सेदारी होगी, जबकि Woojin के पास 20% हिस्सा रहेगा।
दोनों कंपनियां भारत में मेट्रो रेल के टेंडर के लिए मिलकर बोली लगाएंगी। इसके बाद देश में ही मेट्रो कोच का निर्माण किया जाएगा। इस साझेदारी से सरकार की 'मेक इन इंडिया' पहल को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
टेक्नोलॉजी देगी कोरियाई कंपनी
इस समझौते के तहत Woojin, Jupiter Wagons को टेक्नोलॉजी ट्रांसफर करेगी। इसमें मेट्रो कोच के डिजाइन, निर्माण और रखरखाव से जुड़ी तकनीक शामिल होगी। इसके अलावा प्रोपल्शन सिस्टम, इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (EMU), ट्रेन कंट्रोल एंड मैनेजमेंट सिस्टम (TCMS) और दूसरे जरूरी उपकरणों की तकनीक भी मिलेगी।
इन तकनीकों का इस्तेमाल मेट्रो, वंदे भारत और दूसरे रेलवे प्रोजेक्ट में किया जा सकेगा। कंपनी के मुताबिक, इस साझेदारी से उसका रेल कारोबार और मजबूत होगा। अब वह व्हील्स से लेकर ट्रैक्शन मोटर्स तक की पूरी रेंज पेश कर सकेगी।
जुपिटर वैगन्स की होगी बड़ी जिम्मेदारी
इस जॉइंट वेंचर में Jupiter Wagons मुख्य भागीदार होगी। कंपनी जमीन, प्लांट, मशीनरी और वर्किंग कैपिटल के लिए फंड उपलब्ध कराएगी। स्थानीय स्तर पर प्रोजेक्ट को पूरा करने की जिम्मेदारी भी उसी की होगी। वहीं, Woojin तकनीकी मदद देगी। वह जरूरी कंपोनेंट्स, तकनीकी जानकारी और अपने पुराने प्रोजेक्ट्स का अनुभव भी साझा करेगी।
सोमवार को Jupiter Wagons का शेयर BSE पर 3.08% गिरकर ₹185.45 पर बंद हुआ।
क्या करती है Jupiter Wagons?
Jupiter Wagons रेलवे और मोबिलिटी सेक्टर के लिए कई तरह के उपकरण और समाधान बनाती है। कंपनी के कारोबार में रेलवे वैगन, पैसेंजर कोच, ब्रेकिंग सिस्टम, कपलर, व्हील और दूसरे रेलवे कंपोनेंट शामिल हैं।
इसके अलावा कंपनी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और कमर्शियल व्हीकल से जुड़े कारोबार में भी मौजूद है। मेट्रो कोच और प्रोपल्शन सिस्टम में उतरने से कंपनी रेलवे सेक्टर में अपनी मौजूदगी और बढ़ाना चाहती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।