Zomato। ऑनलाइन फूड डिलीवरी और रेस्टोरेंट एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म जोमैटो ने उबर ईट्स (Uber eats) के इंडियन बिजनेस को खरीद लिया है। कंपनी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। दोनों कपंनियों के बीच ऑल-स्टॉक डील हुई है। इस डील में उबर को अपनी कंपनी बेचने के बदले जोमैटो में हिस्सेदारी मिलेगी। ऑल-स्टॉक डील में बिकने वाली कंपनी को कैश के बदले खरीदार कंपनी में हिस्सेदारी मिलती है।

इस ऑल-स्टॉक डील के बाद जोमैटो में उबर की करीब 10 फीसदी हिस्सेदारी हो जाएगी। अगर इस हिस्सेदारी की वैल्यू कैश में देखें तो डील की वैल्यू 2485 करोड़ रुपए होगी।

उबर अमेरिका की कंपनी है। डील के बाद उबर भारत में फूड डिलीवरी का कारोबार नहीं करेगी। उबर ईट्स के यूजर्स जब ऐप पर क्लिक करेंगे तो उन्हें जोमैटो के ऐप पर रीडायरेक्ट कर दिया जाएगा।

यह डील उबर ईट्स की टीम के लिए बुरी खबर लेकर आई है। इस डील की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि जोमैटो उबर ईट्स की टीम को अपनी टीम में शामिल नहीं करेगा। इसका मतलब है कि करीब 100 से ज्यादा एग्जिक्यूटिव्स को उबर किसी और काम में लगाएगा या फिर उनकी छंटनी की जाएगी।  
कंसॉलिडेशन के लिए बड़ा कदम

जोमैटो और उबर ईट्स इस डील पर पिछले एक साल से काम कर रही थी। फूड डिलीवरी मार्केट में कंसॉलिडेशन के लिए यह पहली बड़ी डील है। इस मार्केट में स्विगी (Swiggy) और जोमैटो (Zomato) का दबदबा है।

इस डील के बाद फूड डिलीवरी मार्केट में जोमैटो की कुल हिस्सेदारी 50-55% हो जाएगी और वह स्विगी से आगे निकल जाएगी। जोमैटो का कहना है कि उसे उम्मीद है कि उबर ईट्स के 90 फीसदी यूजर्स इसके प्लेटफॉर्म पर आ जाएंगे। 

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।