जापानी कार निर्माता कंपनी होंडा मोटर्स (Honda Motors) की सहयोगी कंपनी होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड (HCIL) ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा प्लांट कारों का उत्पादन बंद कर दिया है। अब कंपनी के पास भारत में सिर्फ एक प्लांट बच गया है जहां होंडा की सभी कारों का उत्पादन होगा। ग्रेटर नोएडा प्लांट में कंपनी होंडा सिटी, होंडा CR-V और होंडा सिविक जैसी कारों का उत्पादन करती थी। भारत में इन कारों की अच्छी-खासी मार्केट है, लेकिन पिछले दिनों कंपीटीशन बढ़ने से मांग थोड़ी घटी है। कंपनी नो कोरोना वायरस महामारी के कारण ऊपजी परिस्थित्यों को देखते हुए खर्च में कटौती करने के लिए HCIL ने ग्रेटर नोएडा प्लांट को बंद करने का फैसला किया है।

HCIL के सीईओ  Gaku Nakanishi ने कहा, पिछले तीन महीने में होंडा के कारों की बिक्री बढ़ने के बावजूद अभी कोविड के कारण इंडस्ट्री किस करवट बैठेगी, कहा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, प्रतिस्पर्धा, बिजनेस के चुनौतीपूर्ण माहौल और खर्चे को कम करने के लिए कंपनी ने ये कदम उठाया है। आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा में होंडा का यह प्लांट 150 एकड़ जमीन में फैला है। इस प्लांट की उत्पादन क्षमता 1 लाख यूनिट सालाना थी। कंपनी ने 1997 में ग्रेटर नोएडा प्लांट की स्थापना की थी। इससे पहले हार्ले डेविडसन (Harley Davidson) ने भी भारत में अपना प्लांट को बंद कर दिया था।

प्लांट में कॉरपोरेट ऑफिस चलता रहेगा

HCIL का कहना है कि ग्रेटर नोएडा प्लांट में HCIL का कॉरपोरेट हेड ऑफिस पहले की तरह चलता रहेगा। इसके अलावा स्पेयर पार्ट्स डिविजन और रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) सेंटर भी कार्य करते रहेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक इस प्लांट में दिसंबर की शुरुआत से ही प्रोडक्शन बंद है। HCIL ने अपने मैन्युफैक्चरिंग लाइन एसोसिएट्स के लिए इस साल की शुरुआत में वॉलेंट्री रिटायरमेंट स्कीम (VRS) लॉन्च की थी। इस स्कीम का मकसद प्रोडक्टिविटी और कार्यक्षमता में बढ़ावा लाना था।

तपुकारा प्लांट में होगा सभी कारों का उत्पादन

सभी कारों का प्रोडक्शन अब कंपनी के राजस्थान के अलवर स्थित तपुकारा प्लांट में होगा। कंपनी अपनी कारों की पूरी रेंज के उत्पादन के लिए राजस्थान की तापूकारा प्लांट पर निर्भर हो गई है। राजस्थान के तापूकारा में स्थित प्लांट की क्षमता 1.8 लाख यूनिट सालाना है। इसके अलावा इस प्लांट में दूसरे देशों को निर्यात किए जाने वाले इंजनों का उत्पादन भी होता है। ग्रेटर नोएडा में कारों के उत्पादन से जुड़े कर्मचारियों को तपुकारा प्लांट में शिफ्ट कर दिया गया है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।