Hero Motocorp पर इनकम टैक्स के छापे में 1,000 करोड़ रुपये के घोटाले का पता चला है। बताया जाता है कि कंपनी के अकाउंट में इसे खर्च के रूप में दिखाया गया था, जबकि असल में कंपनी ने यह खर्च नहीं किया था। इस खबर का कंपनी के शेयरों पर असर पड़ा। मंगलवार को कंपनी का शेयर करीब 7 फीसदी लुढ़क गया।
23 से 26 मार्च के बीच मारे गए छापे
सूत्रों ने सीएनबीसी-टीवी18 को बताया कि इनकम टैक्स विभाग ने 23 मार्च से 26 मार्च के दौरान हीरो मोटोकॉर्प के परिसरों पर छापे मारे थे। इसमें यह पाया गया कि कंपनी ने 1,000 करोड़ रुपये खर्च का दावा किया था, जो असल में नहीं किए गए थे।
जांच में कई संदेहास्पद जानकारियां मिलीं
इस मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार है। इस बीच न्यूज एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इनकम टैक्स की रेड में हार्ड कॉपी और डिजिटल डेटा में संदेहास्पद जानकारियां मिली है। अब तक हीरो मोटोकॉर्प ने इस खबर पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।
हीरो मोटोकॉर्प के शेयर फिसले
इस बीच, हीरो मोटोकॉर्प के शेयर में बड़ी गिरावट आई है। हीरो मोटोकॉर्प का शेयर मंगलवार को 6.68 फीसदी गिरकर 2,219 रुपये पर बंद हुआ। इस साल की शुरुआत से ही हीरो मोटोकॉर्प के शेयर पर दबाव दिखा है। इस साल अब तक इसका शेयर 10 फीसदी से ज्यादा गिर चुका है।
कुल 40 ठिकानों पर मारे गए थे छापे
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का छापा चार दिन तक चला था। इस दौरान हीरो मोटोकॉर्प से जुड़े कई परिसरों पर छापा पड़ा था। कंपनी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर पवन मुंजाल के दिल्ली-एनसीआर स्थित घर की भी जांच की गई थी। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने हीरो मोटोकॉर्प से जुड़े कुल 40 ठिकानों पर छापे मारे थे।
ब्लैकमनी से फॉर्म हाउस खरीदा गया था
एएनआई ने बताया है कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को दिल्ली के छतरपुर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के ट्रांजेक्शन से फॉर्म हाउस की खरीद की भी जानकारी मिली है।
मीडिया में चल रही खबर के मुताबिक, मुंजाल ने छतरपुर में एक फॉर्महाउस खरीदा था। टैक्स बचाने के लिए फॉर्महाउस की असल कीमत छुपाई गई। इसके अलावा इसे खरीदने के लिए ब्लैक मनी का इस्तेमाल किया गया। यह ट्रांजेक्शन 100 करोड़ रुपये का बताया जाता है।
हीरो मोटोकॉर्प ने इसे रूटीन इनक्वायरी बताई थी
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की रेड शुरू होने के बाद हीरो मोटोकॉर्प ने 23 मार्च को बयान जारी किया था। इसमें उसने कहा था कि इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने उसके ऑफिसेज और रेजिडेंस पर छापे मारे हैं। कंपनी ने इसे रूटीन इनक्वायरी बताई थी।
बयान में कहा गया था, "इनकम टैक्स के अफसरों ने बुधवार को दिल्ली और गुरुग्राम में हमारे दो ऑफिसेज को विजिट किया है। हमारे चेयरमैन एवं सीईओ डॉ. पवन कुमार मुंजाल के रेजिडेंस पर भी वे गए हैं। हमें बताया गया है कि यह रूटीन इनक्वायरी है, जो वित्त वर्ष की समाप्ति से पहले असामान्य नहीं है। "