मोबाइल फोन की दुनिया पर एक वक्त राज करने वाले नोकिया के हैंडसेट 3310 की नए अवतार में वापसी हो रही है। अपनी मजबूती और लंबी बैटरी लाइफ के लिए मशहूर 3310 की कीमत करीब 4,000 रुपये रखी जा सकती है। माना जा रहा है कि इसी महीने स्पेन के बार्सिलोना में होने जा रहे मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में इससे पर्दा उठाया जाएगा।
नोकिया 3310 को 17 साल पहले लॉन्च किया गया था और इसे रिलॉन्च करने के पीछे कंपनी का मकसद इसकी लोकप्रियता का इस्तेमाल अपनी ब्रांड बिल्डिंग के लिए करना है। नोकिया के प्रशंसक इस फीचर फोन का इस्तेमाल दूसरे हैंडसेट के तौर पर कर सकते हैं। खास बात ये है कि भारत में ईबे जैसी वेबसाइट पर आप नोकिया 3310 अभी भी खरीद सकते हैं, जिनकी कीमत 2500 से 5000 रुपये के बीच है।