NSE Co-Location Case: दिल्ली की एक अदालत ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) की पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जिक्यूटिव ऑफिसर चित्रा रामकृष्ण (Chitra Ramkrishna) की न्यायिक हिरासत सोमवार को 11 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी। चित्रा रामकृष्ण को सीबीआई ने NSE को-लोकेशन मामले में बीते 6 मार्च को गिरफ्तार किया था।
इससे पहले कोर्ट ने बीते गुरुवार को इसी मामले में गिरफ्तार NSE के पूर्व ग्रुप ऑपरेटिंग ऑफिसर आंनद सुब्रमण्यन ( Anand Subramanian) की जमानत देने से इनका कर दिया था। सुब्रमण्यन को CBI ने को-लोकेशन मामले में 24 फरवरी को गिरफ्तार किया था। हिरासत में पूछताछ किए जाने के बाद सुब्रमण्यन को नौ मार्च को अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
सुनवाई के दौरान CBI के वकील ने दावा किया कि सुब्रमण्यन ने खुद को हिमालय के योगी के रूप में पेश करके NSE की तत्कालीन मैनेजिंद डायरेक्टर और CEO चित्रा रामकृष्ण को अपने प्रभाव में ले लिया था। वकील ने कहा कि पूछताछ के दौरान सुब्रमण्यन बचने की कोशिश करते रहे और अगर उन्हें जमानत दी जाती है तो वह भागने की कोशिश कर सकते हैं।
हिमालय के योगी की कथित गुत्थी
CBI मई 2018 से NSE को-लोकेशन घोटाला मामले की जांच कर रही है। हालांकि उसे अभी तक उस रहस्यमयी हिमालयी "योगी" की पहचान करने के लिए कोई ठोस सबूत नहीं मिला है, जिसके साथ रामकृष्ण ने NSE की गोपनीय जानकारियां साझा की थी।
सेबी की एक रिपोर्ट में सामने आया था कि चित्रा रामकृष्ण सालों तक एक रहस्यमयी "योगी" के इशारे पर एक्सचेंज को चलाती रहीं। इसके बाद हुई फॉरेंसिक ऑडिट में आनंद सुब्रमण्यण को ही रहस्यमयी "योगी" बताया गया था। हालांकि सेबी ने अपनी अंतिम रिपोर्ट में इस दावे को खारिज कर दिया था।
चित्रा रामकृष्ण 2013 में NSE की सीईओ बनी थीं। उन्होंने बाद में सुब्रमण्यम को अपना सलाहकार नियुक्त किया था, जिन्हें बाद में 4.21 करोड़ रुपये सालाना के मोटे सैलरी पैकज पर GOO के रूप में प्रमोट किया गया था।