NTPC Q4 results: सरकार के मालिकाना हक वाली बिजली कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड (NTPC Ltd) ने वित्त वर्ष 2024-25 की मार्च तिमाही के वित्तीय नतीजों का ऐलान कर दिया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट ₹7,897.14 करोड़ रहा। यह बीते साल की समान तिमाही के मुकाबले करीब 22% की ग्रोथ है। मुनाफे में यह बढ़त कंपनी के ऑपरेशनल परफॉर्मेंस में सुधार का संकेत देती है।
NTPC की मार्च तिमाही में कुल ऑपरेशनल इनकम भी बढ़कर ₹49,833.70 करोड़ हो गई। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में ₹47,628.19 करोड़ थी।
पूरे वित्त वर्ष में कैसा रहा NTPC का प्रदर्शन?
देश की सबसे बड़ी बिजली कंपनी NTPC ने पूरे वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान भी नेट प्रॉफिट में ठोस बढ़त दर्ज की है। FY25 में कंपनी का कुल नेट प्रॉफिट ₹23,953.15 करोड़ रहा, जो FY24 के ₹21,332.45 करोड़ से अधिक है।
इसी अवधि में कंपनी की सालाना ऑपरेशनल इनकम ₹1,88,138.06 करोड़ रही, जो एक साल पहले ₹1,78,524.80 करोड़ थी। यह 5.4% की सालाना ग्रोथ है।
NTPC ने डिविडेंड का भी किया ऐलान
NTPC के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने FY25 के लिए ₹3.35 प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है। यह फेस वैल्यू का 33.50% है। इसे आगामी वार्षिक आम बैठक (AGM) में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद वितरित किया जाएगा। इससे पहले कंपनी ने दो अंतरिम डिविडेंड भी जारी किए थे- नवंबर और फरवरी में ₹2.50 प्रति शेयर के हिसाब से।
NTPC Green Energy का प्रदर्शन
NTPC की रिन्यूएबल एनर्जी यूनिट NTPC Green Energy Limited (NGEL) ने भी मार्च 2025 तिमाही में जोरदार प्रदर्शन किया है। कंपनी ने इस तिमाही में ₹233.21 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया है, जो कि FY24 की समान तिमाही के ₹80.95 करोड़ से करीब तीन गुना है। NGEL का कुल खर्च ₹444.63 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹425.84 करोड़ था।
FY25 में NGEL ने ₹10 फेस वैल्यू वाले 92.63 करोड़ इक्विटी शेयरों का नया इश्यू जारी कर ₹10,000 करोड़ जुटाए थे। इसके शेयरों की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टिंग हुई थी।
NTPC के शेयर शुक्रवार को 0.94% की बढ़त के साथ 344.60 रुपये पर बंद हुए थे। बीते एक महीने के दौरान शेयरों में 5.12% की गिरावट आई है। हालांकि, इस साल यानी 2025 में अब तक NTPC के स्टॉक्स ने 3.28% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 3.34 लाख करोड़ है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।