पतंजलि फूड्स के CEO संजीव अस्थाना (Sanjeev Asthana) का कहना है कि कंपनी फाइनेंशियल ईयर 2024 में एफएमसीजी (FMCG) सेगमेंट में 7,000 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल कर लेगी। अस्थाना ने सीएनबीसी टीवी-18 (CNBC TV-18) को दिए इंटरव्यू में कंपनी के जून तिमाही नतीजों, मार्जिन में गिरावट, एफएमसीजी बिजनेस आदि के बारे में बात की।
एफएमसीजी बिजनेस के बारे में
अस्थाना ने कहा, 'कंपनी को एफएमसीजी बिजनेस की ग्रोथ के बारे में पूरा भरोसा है। हमारी रेवेन्यू ग्रोथ की रफ्तार जारी रहेगी। बिस्कुट, न्यूट्रास्यूटिकल, फूड्स और सोया प्रोटीन बिजनेस की ग्रोथ अच्छी चल रही है।' उनका कहना था कि कंपनी के फूड बिजनेस, एफएमसीजी बिजनेस और मार्जिन में बेहतर ग्रोथ देखने को मिल रही है।
फाइनेंशियल ईयर 2024 की पहली तिमाही में मार्जिन में गिरावट को लेकर उनका कहना था कि फ्यूचर्स एक्सचेंज में ग्लोबल कीमतें 10 पर्सेंट बढ़ी हैं, लेकिन घरेलू बाजार पर इसका असर नहीं हुआ। खाद्य तेलों की कीमतों में गिरावट की वजह से जून तिमाही में पतंजलि फूड्स का नेट प्रॉफिट 64 पर्सेंट की गिरावट के साथ 87.75 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 241.25 करोड़ रुपये था।
उन्होंने कहा, 'खाद्य तेलों की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव होता है। इस साल अगर कीमतों में बढ़ोतरी होती है, तो रेवेन्यू में भी बढ़ोतरी होगी।' कंपनी को आगामी तिमाहियों में बेहतर परफॉर्मेंस की उम्मीद है। अस्थाना के मुताबिक, कंपनी को खाद्य तेल से 2-4 पर्सेंट मार्जिन की उम्मीद है ।
अस्थाना का कहना था कि कंपनी ने इस सिलसिले में तेलंगाना और असम के साथ कई एमओयू (MoUs) पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा, 'कंपनी को 6.34 हेक्टेयर जमीन आवंटित की गई है। इसके अलावा, 11 नर्सरी स्थापित की गई है।'
BSE (बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज) में 2 बजकर 1 मिनट पर कंपनी का शेयर 2.45 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 1,305 रुपये पर कारोबार कर रहा था।