पेटीएम मनी (Paytm Money) से भी अब आप कंपनियों के शेयर की खरीद-बिक्री कर सकेंगे। इसके लिए पेटीएम (Paytm) ने अपने ऑनलाइन निवेश और वेल्थ मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म पेटीएम मनी पर स्टॉक ट्रेडिंग (Stock trading) फीचर लॉन्च किया है। हालांकि, कंपनी ने अभी केवल बीटा वर्जन पर सिर्फ 80 हजार एंड्रॉयड यूजर्स के लिए ही यह सेवा शुरू की है। पेटीएम की योजना अगले 6 से 8 हफ्तों में अपने सभी यूजर के लिए रिटेल शेयर ब्रोकिंग सेवा (Share Broking Service) शुरू करने की है।

Paytm ने कहा कि शेयर ब्रोकिंग के लिए केवाईसी (KYC) और अकाउंट खोलने का प्रोसेस भी पूरी तरह से पेपरलैस होगा। यूजर इस ऐप के जरिये डिजिटली अपना डीमैट अकाउंट खोल सकेंगे और शेयर में इनवेस्ट करने के साथ उसकी खरीद-बिक्री और किसी भी कंपनी के शेयर के बारे में विस्तार से रिसर्च कर सकेंगे। कंपनी ने कहा कि पेटीएम मनी ऐप से उपभोक्ता शेयर मार्केट में विभिन्न कंपनियों के शेयर की ट्रेडिंग कर सकेंगे। इसके साथ ही यूजर 50 स्टॉक्स के रीयल टाइम मूल्य को आसानी से ट्रैक कर सकते हैं और अपनी सुविधा के हिसाब से अलर्ट लगा सकते हैं। इस ऐप में दिन के टॉप गेनर, लूजर सहित और भी कई तरह की सुविधाएं दी गई हैं।

अभी टेस्टिंग मोड में है यह फीचर

Paytm के सीईओ वरुण श्रीधर (Varun sridhar) ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म नए और पुराने निवेशकों को पूरी तरह से डिजिटल और सुरक्षित वातावरण में शेयरों में निवेश और व्यापार करने की सहूलियत देगा। हालांकि, यह फीचर अभी टेस्टिंग मोड में है, इसलिए अभी केवल चुनिंदा लोगों को ही यह सेवा मुहैया कराई गई है। लेकिन जल्दी ही हम इसे अपने सभी यूजर्स तक पहुंचाएंगे। वरुण श्रीधर ने कहा कि अभी तक म्यूचुअल फंड (Mutual Fund) में कारोबार करने वाली Paytm पूरी तरह से शेयर ब्रोकिंग फर्म (Share Broking Firm) बन जाएगी। कंपनी का लक्ष्य अगले साल तक Paytm money पर 2.5 लाख से अधिक एक्टिव यूजर्स (Active Users) बनाने का है, जिससे इस प्लेटफॉर्म से 6 लाख वॉल्यूम का कारोबार हो सके।

ब्रोकर मेंबरशिप मिल चुकी है

ऑनलाइन रिटेल शेयर ब्रोकिंग सेवा के लिए Paytm money को 1 अप्रैल, 2019 को ही शेयर बाजार नियामक सेबी (SEBI) से मंजूरी मिल गई थी। लेकिन कोरोना के चलते कंपनी को अपनी ये सेवा शुरू करने में देरी हुई। SEBI ने Paytm की सब्सिडियरी कंपनी Paytm money को इसके लिए मंजूरी दी थी। Paytm ने कहाल है कि उसे बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE) में ट्रेडिंग के लिए ब्रोकर मेंबरशिप मिल गई है। कंपनी जल्द ही स्टॉक एक्सचेंज के साथ इनवेस्टिंग और ट्रेडिंग प्रोडक्ट शुरू करेगी। वरुण श्रीधर ने कहा कि Paytm money पर इक्विटीज और कैश सेग्मेंट में भी ट्रेडिंग होगी।

ऐसे खोले अपना डीमैट अकाउंट

- Paytm money ऐप पर जाकर सबसे पहले ओपन डीमैट अकाउंट (Open Demat account) पर क्लिक करें और फॉर्म भरें।
- इसके बाद आपको पेटीएम एक्जीक्यूटिव का फोन आएगा और आपको मोबाइल पर एसएमएस के जरिए और अपनी ईमेल आईडी पर एक लिंक मिलेगा।
- इस लिंक पर जाकर और अपनी केवाईसी पूरी करें। केवाईसी प्रोसेस के लिए पैन कार्ड नंबर, आधार जैसे डॉक्यूमेंट की जरूरत होगी।
- केवाईसी प्रोसेस पूरी होने के 24 घंटे के अंदर आपको क्लाइंट आईडी और पासवर्ड मिल जाएगा।
- पेटीएम मनी पर अकाउंट खोलने के लिए 300 रुपये और डिजिटल केवाईसी के लिए 200 रुपये की फीस देनी होगी।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।