FMCG प्रॉडक्ट्स बनाने वाली कंपनी प्रॉक्टर एंड गैंबल (Procter & Gamble) गुजरात में 2,000 करोड़ रुपये निवेश करेगी। इस निवेश के तहत कंपनी पर्सनल हेल्थकेयर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करेगी। यह भारत में प्रॉक्टर एंड गैंबल का नौंवा प्लांट होगा। प्रॉक्टर एंड गैंबल के पास एरियल, ड्यूरासेल, जिलेट, हेड एंड शोल्डर्स, ओरल-बी, पैंपर्स, पैंटीन टाइड, विक्स और व्हिस्पर जैसे ब्रांड हैं।
कंपनी का नया प्लांट सानंद में होगा और यह 50,000 वर्गमीटर में फैला होगा। इस प्लांट में ऐसे प्रॉडक्ट्स तैयार किए जाएंगे, जो प्रॉक्टर एंड गैंबल के ग्लोबल हेल्थकेयर पोर्टफोलियो का हिस्सा होंगे। कंपनी के बयान में कहा गया है, 'यह प्लांट अगले साल में चालू हो जाएगा और कंपनी के लिए यह एक्सपोर्ट हब के तौर पर काम करेगा। इससे प्रॉक्टर एंड गैंबल (P&G ) को ग्लोबल लेवल पर उपभोक्ताओं की जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी।'
इसके अलावा, इस प्लांट के जरिये प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा और इस तरह स्थानीय अर्थव्यवस्था को काफी बढ़ावा मिलेगा। प्रॉक्टर एंड गैंबल इंडिया के CEO एल वी वैद्यनाथन ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ बैठक में इस इनवेस्टमेंट का ऐलान किया।
कंपनी की तरफ से जारी बयान में कहा गया है, 'यह प्लांट भारत के मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग प्लांट्स में सबसे अहम होगा और इससे पूरे देश और गुजरात में भी इसकी पहुंच का विस्तार होगा।'