बॉन्ड के जरिये 6,000 करोड़ रुपये जुटाएगी REC, NSE पर 8 दिसंबर से शुरू होगी बिडिंग

पब्लिक सेक्टर की कंपनी रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉरपोरेशन (REC) लिमिटेड दो तरह के बॉन्ड के जरिेय 6,000 करोड़ रुपये जुटाएगी। यह कंपनी पावर मिनिस्ट्री के तहत है और इसका काम ग्रामीण इलाकों में बिजली पहुंचाने से जुड़े प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देना और इसके लिए फाइनेंस उपलब्ध कराना है। पहले बॉन्ड के जरिये कंपनी की योजना 4,000 करोड़ रुपये जुटाने की है, जिसमें 3,300 करोड़ रुपये का ग्रीनशू ऑप्शन भी शामिल है

अपडेटेड Dec 07, 2023 पर 2:29 PM
इन बॉन्ड्स को ICRA (इकरा) और इंडिया रेटिंग्स ने ‘AAA’ रेटिंग दी है।

पब्लिक सेक्टर की कंपनी रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉरपोरेशन (REC) लिमिटेड दो तरह के बॉन्ड के जरिेय 6,000 करोड़ रुपये जुटाएगी। यह कंपनी पावर मिनिस्ट्री के तहत है और इसका काम ग्रामीण इलाकों में बिजली पहुंचाने से जुड़े प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देना और इसके लिए फाइनेंस उपलब्ध कराना है। मामले से वाफिक सूत्रों ने बताया कि पहले बॉन्ड के जरिये कंपनी की योजना 4,000 करोड़ रुपये जुटाने की है, जिसमें 3,300 करोड़ रुपये का ग्रीनशू ऑप्शन भी शामिल है। सूत्रों के मुताबिक, यह बॉन्ड 15 साल में यानी 30 नवंबर, 2038 को मैच्योर होगा।

ग्रीन-शू ऑप्शन, अंडरराइटिंग एग्रीमेंट में एक प्रावधान होता है, जो अंडरराइटर को यह अधिकार देता है कि जरूरत पड़ने पर वह निवेशकों को शुरुआती प्लान में तय शेयरों से ज्यादा शेयर बेच सकता है। कंपनी दूसरे बॉन्ड के जरिये 2,000 करोड़ रुपये जुटाएगी, जिसमें 1,500 करोड़ रुपये का ग्रीनशू ऑप्शन शामिल होगा। यह बॉन्ड 1 साल और 11 महीनों में यानी 29 नवंबर, 2025 को मैच्योर होगा।

इन बॉन्ड्स के लिए बिडिंग नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के इलेक्ट्रॉनिक बिडिंग प्लेटफॉर्म पर 8 दिसंबर से शुरू होगी। पहले बॉन्ड के लिए बिडिंग सुबह 11 बजे से 12 बजे के बीच होगी, जबकि दूसरे बॉन्ड के लिए दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक बिडिंग होगी। बॉन्ड के लिए पे-इन डेट 12 दिसंबर है। पे-इन डेट वह तारीख होती है, जब बॉन्ड जारी करने वाली इकाई और निवेशकों के बीच बॉन्ड्स और रकम का आदान-प्रदान होता है।


इन बॉन्ड्स को ICRA (इकरा) और इंडिया रेटिंग्स ने ‘AAA’ रेटिंग दी है। REC ने 22 नवंबर को 3,000-3,000 करोड़ के दो बॉन्ड जारी किए थे, जिनकी अवधि 10 साल और ढाई साल थी।

SIDBI और IRFC भी जारी करेंगे बॉन्ड

स्मॉल इंडस्ट्रीज डिवेलपमेंट बैंक ऑफ इंडिया (SIDBI) और इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (IRFC) भी बॉन्ड के जरिये 5,000 करोड़ और 3,000 करोड़ रुपये की रकम जुटाएंगी। SIDBI की योजना 5,000 रुपये जुटाने की है, जिसमें 3,000 करोड़ का ग्रीनशू ऑप्शन भी शामिल है। 5 साल की परिपक्वता अवधि वाले ये बॉन्ड 24 नवंबर, 2028 को मैच्योर होंगे। इसके अतिरिक्त IRFC ने 22 नवंबर को 3,000 करोड़ के बॉन्ड जारी किए हैं, जिनमें 2,500 करोड़ रुपये का ग्रीन-शू ऑप्शन भी शामिल है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।