रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries Ltd (RIL) और रिलायंस जियो (Reliance Jio) विदेशी बाजारों से क्रमश: 1.5 अरब डॉलर और 2.5 अरब डॉलर जुटाने की तैयारी में है। द इकोनॉमिक टाइम्स ने 10 अक्टूबर को मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि RIL अपने विस्तार योजना को पूरा करने के लिए विदेशी निवेशकों से पूंजी जुटाने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए कंपनी Barclays, HSBC, और MUFG Bank जैसे लेंडरों के साथ बातचीत कर रही है।
इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस लोन की प्राइसिंग सिक्योर्ड ओवरनाइट फाइनेंशिग रेट (SOFR) से 1.30 - 1.50 फीसदी ज्यादा पर हो सकती है। इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि RIL की टेलीकॉम शाखा रिलायंस जियो अपने 5G नेटवर्क पर होने वाले खर्च की फंडिग के लिए बैंक ऑफ अमेरिका, BNP,HSBC और Societe General से बातचीत की प्रक्रिया में है। बता दें कि रिलायंस जियो स्वीडन के एरिक्सन और फिनलैंड के नोकिया से 5जी नेटवर्क गियर की खरीद करेगी। इसी खरीदारी के लिए पैसे जुटाने की कवायद के तहत कंपनी विदेशी लेंडरों से बात कर रही है।
गौरतलब है कि जुलाई महीने में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने ऑटोमैटिक रुप के तहत एक्सटनल कमर्शियल बॉरोइंग लिमिट की सीमा प्रति वर्ष 75 करोड़ डॉलर से बढ़ाकर से 1.5 अरब डॉलर कर दिया है।