Reliance Industries (RIL) सेंसहॉक (SenseHawk) में 79.4 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। यह डील 3.2 करोड़ डॉलर में होगी। आरआईएल ने गुरुवार को यह ऐलान किया। सेंसहॉक कैलिफोर्निया (अमेरिका) की कंपनी है। यह सोलर एनर्जी इंडस्ट्री के लिए सॉफ्टवेयर आधारित मैनेजमेंट टूल बनाती है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी है। मुकेश अंबानी इस कंपनी के चेयरमैन हैं। इसके बिजनेसेज में पेट्रोकेमिकल्स, ऑयल एंड गैस, टेलीकॉम और रिटेल शामिल हैं। कंपनी का करीब 60 फीसदी रेवेन्यू ऑयल-रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल्स बिजनेस से आता है।
सेंसहॉक सोलर कंपनियों की मदद प्लानिंग से लेकर प्रोडक्शन तक में करती है। वह इसमें ऑटोमेशन का इस्तेमाल करती है। यह एंड-टू-एंड सोलर एसेट लाइफसाइकिल के प्रबंधन के लिए सोलर डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराती है।
आरआईएल ने स्टॉक एक्सचेंजों को बताया है कि फाइनेंशियल ईयर 2021-22 में सेंसहॉक का टर्नओवर 23,26,369 डॉलर रहा। FY2021 में टर्नओवर 11,65,926 डॉलर और FY2020 में 12,92,063 डॉलर रहा।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने रिलीज में कहा है, "न्यू एनर्जी में कंपनी के दूसरे इनवेस्टमेंट के साथ सेंसहॉक का इस्तेमाल होगा और इससे कस्टमर्स के लिए हाई वैल्यू के साथ यूनिक सॉल्यूशंस तैयार होंगे। इस अधिग्रहण के मकसद और असर के बारे में मीडिया रिलीज में बताया गया है।"
RIL ने कहा है कि यह अधिग्रहण रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन के तहत नहीं आता है। रिलायंस का कोई प्रमोटर/प्रमोटर ग्रुप/ग्रुप कंपनियों का सेंसहॉक में कोई इंटरेस्ट नहीं है। यह ट्रांजेक्शन कुछ नियामकों की मंजूरी और दूसरी शर्तों पर निर्भर करेगा। इस ट्राजेक्शन के 2022 के अंत से पहले पूरा हो जाने की उम्मीद है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज न्यू एनर्जी बिजनेस पर फोकस बढ़ा रही है। वह अपने रिटेल और टेलीकॉम कारोबार का भी विस्तार कर रही है। कंपनी भविष्य को देखते हुए न्यू एनर्जी बिजनेस पर फोकस कर रही है। उसने अगले 10 से 15 साल में रिन्यूएबल एनर्जी पर 80 अरब डॉलर से ज्यादा निवेश करने का प्लान बनाया है। RIL का शेयर 6 सितंबर को 0.72 फीसदी की मजबूती के साथ 2,589.60 रुपये पर था।