Reliance Retail और Jio का कब आएगा IPO? मुकेश अंबानी ने कहा- 'अगले साल के भाषण में बताऊंगा'

ऐसी अटकलें थीं कि Reliance Industries सोमवार 29 अगस्त को आयोजित अपनी 45वीं सालाना जनरल मीटिंग के दौरान रिलायंस रिटेल और जियो के IPO को लेकर ऐलान कर सकती है

अपडेटेड Aug 29, 2022 पर 6:15 PM
Story continues below Advertisement
रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) ने सोमवार अपनी 45वीं सालाना जनरल मीटिंग (AGM) आयोजित की

अरबपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) के शेयरधारकों को बताया कि वह अगले साल कंपनी की सालाना जनरल मीटिंग (AGM) में रिलायंस रिटेल (Reliance Retail) और रिलायंस जियो (Reliance Retail) के इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) के बारे में जानकारी साझा करेंगे।

उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब दलाल स्ट्रीट, शेयरधारकों और निवेशकों के बीच जोर-शोर से अटकलें चल रही थीं कि रिलायंस आज यानी सोमवार 29 अगस्त को आयोजित अपनी 45वीं सालाना जनरल मीटिंग के दौरान इन दोनों कंपनियों के IPO को लेकर ऐलान कर सकती है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने शेयरधारकों के सवालों के जवाब में कहा, “मैं रिलायंस जियो और रिटेल के IPO से जुड़े सवालों और आपके इनपुट को कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के साथ साझा करूंगा। IPO की वैल्यूएशन और समय को लेकर सिद्धांतों में कोई बदलाव नहीं है। मैंने दोनों बिजेनेसों के लिए योजनाओं की रूपरेखा तैयार की है। जियो अपनी 5G सेवा के आक्रामक लॉन्च की शुरुआत कर रहा है और रिलायंस रिटेल तेजी से ग्रोथ की राह पर है।" उन्होंने कहा, "मैं आपको अगले साल अपने भाषण में IPO पर अपडेट करूंगा।"


यह भी पढ़ें- RIL AGM: रिलायंस के उत्तराधिकार योजना पर मुकेश अंबानी ने दिया अब तक का सबसे मजबूत संकेत

रिलायंस इंडस्ट्रीज की AGM का शेयरधारकों और दलाल स्ट्रीट को पर समान रूप से इंतजार था क्योंकि कंपनी इस इवेंट में अपनी कई बड़ी रणनीतिक घोषणाओं का ऐलान करती रही है। मुकेश अंबानी ने पिछले साल ग्रीन एनर्जी में कंपनी के भारी निवेश का ऐलान किया था और ऐसी अटकलें थीं कि वह इस साल AGM में रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल के प्रस्तावित IPO के लिए एक टाइमलाइन का ऐलान कर सकते हैं।

अंबानी ने शेयरधारकों से कहा, “अगली पीढ़ी के लीडर्स ने हमारी महत्वाकांक्षी योजनाओं को बढ़ाने और उसे लागू करने की जिम्मेदारी संभाल ली है, और रिलायंस यहां जियो और रिटेल दोनों में सबसे बड़ी शेयरधारक है। आप सभी को शेयरधारक के रूप में इन दोनों कंपनियों के ग्रोथ से सीधा लाभ होगा।”

इससे पहले दिन में अंबानी ने शेयरधारकों को दिए अपने भाषण में कहा कि नई पीढ़ी के लीडर्स ने पहले ही विभिन्न बिजनेसों की बागडोर संभाल ली है। इसके साथ ही उन्होंने अपने बच्चों- आकाश अंबानी (Akash Ambani), ईशा अंबानी (Isha Ambani) और अनंत अंबानी (Anant Ambani) को युवा लीडर्स की टीम में 'बराबर लोगों में सबसे पहले' कहकर संबोधित किया।

आकाश अंबानी जहां रिलायंस जियो की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, वहीं ईशा अंबानी रिलायंस रिटेल के कारोबार को देख रही है। वहीं तीनों भाई-बहनों में सबसे छोटे अनंत अंबानी ने रिलायंस के न्यू एनर्जी बिजनेस को ज्वाइन किया है।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।