रिलायंस इंडस्ट्री (RIL) ने शुक्रवार 4 मार्च को देश के सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर और बहुआयामी डेस्टिनेशन, जियो वर्ल्ड सेंटर (Jio World Centre) को लॉन्च किया। जियो वर्ल्ड सेंटर को मुंबई के दिल कहे जाने वाले बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स में खोला गया है और यह करीब 18.5 एकड़ में फैला है।
रिलायंस इंडस्ट्री ने एक बयान में कहा, "जियो वर्ल्ड सेंटर को बनाने के पीछे रिलायंस इंडस्ट्री की डायरेक्टर और रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर-चेयरपर्सन नीता अंबानी की सोच थी। करीब 18.5 एकड़ में फैला यह सेंटर, एक प्रतिष्ठित बिजनेस, कॉमर्स और कल्चरल डेस्टिनेशन बनने के लिए तैयार है, जिससे भारत और इसके नागरिकों को एक विश्वस्तरीय लैंडमार्क मिल सके।"
जियो वर्ल्ड सेंटर में एक कल्चरल सेंटर, एक म्यूजिकल फाउंटेन, दुनिया के सभी बड़े ब्रांडों के रिटेल शोरूम, शानदार कैफे और रेस्टोरेंट्स, सर्विस्ड अपार्टमेंट और ऑफिस और एक अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी है।
कंपनी ने बताया जियो वर्ल्ड सेंटर के विभिन्न भागों को चरणों में खोला जाएगा। इसमें से कुछ हिस्से इसी साल खोल दिए जाएंगे, जबकि कुछ हिस्सों को अगले साल खोला जाएगा। बयान में बताया गया कि शुरुआती चरण में शुरूआती चरणों में धीरूभाई अंबानी स्क्वायर (Dhirubhai Ambani Square) और फाउंटेन ऑफ जॉय को खोला गया है। जियो वर्ल्ड सेंटर में मुंबई के प्रीमियम रिटेल डेस्टिनेशन जियो वर्ल्ड ड्राइव का पहले ही उद्घाटन किया जा चुका है।
धीरूभाई अंबानी स्क्वायर पर मिलेगी फ्री एंट्री
कंपनी ने बताया कि धीरूभाई अंबानी स्क्वायर, रिलायंस इंडस्ट्रीज के फाउंडर धीरूभाई अंबानी और मुंबई शहर को समर्पित है। यहां आम लोगों को फ्री एंट्री मिलेगी। स्थानीय नागरिकों और दुनिया भर के पर्यटकों के लिए यह स्क्वायर मस्ट सी डेस्टिनेशन बनने का वादा करता है।
इस मौके पर नीता अंबानी ने कहा, "जियो वर्ल्ड सेंटर हमारे गौरवशाली देश के लिए एक और उपलब्धि है। यह नए भारत की आकांक्षाओं का दर्शाता है। सबसे बड़े कन्वेंशन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रीमियम रिटेलिंग और डाइनिंग सुविधाओं से लैस जियो वर्ल्ड सेंटर को मुंबई के नए लैंडमार्क के रूप में देखा जाएगा। यह एक ऐसा केंद्र बनेगा जहां हम एकसाथ भारत के विकास कहानी का अगला अध्याय लिखेंगे।"
इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की अगले साल यहीं होगी बैठक
जियो वर्ल्ड सेंटर में ही 2023 में इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की बैठक होनी है। यह बैठक इसके कन्वेंशन सेंटर में होगी। बयान के मुताबिक इसके 2 कन्वेंशन सेंटर में एक साथ 10,640 लोग बैठ सकते हैं।