Samsung India के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को जानकारी दी की कंपनी ने सितंबर -अक्टूबर में भारतीय बाजार में 14400 करोड़ रुपये के मोबाइल फोन बेचे हैं। 2022 के पहले तीन तिमाहियों में कंपनी के प्रीमियम सेगमेंट के फोन की बिक्री में 99 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली है। सैमसंग इंडिया के सीनियर डायरेक्टर और हेड ऑफ प्रोडक्ट मार्केटिंग आदित्य बाबर ने पीटीआई को बताया कि जनवरी से सितंबर 2022 की अवधि में 5G स्मार्टफोन की बिक्री में सालाना आधार पर 178 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है।
फेस्टिव सीजन में की रिकॉर्ड बिक्री
उन्होंने आगे कहा कि सैमसंग इंडिया ने इस फेस्टिव सीजन में रिकॉर्ड बिक्री की है। 1 सितंबर से शुरु होने वाले 60 दिनों में सैमसंग ने 14400 करोड़ रुपये की बिक्री की है। बिक्री में कितनी प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है इस बात का खुलासा ना करते हुए बाबर ने कहा कि पिछले साल के फेस्टिव सीजन की तुलना में इस साल फेस्टिव सीजन में डबल डिजिट ग्रोथ देखने को मिली है।
Samsung Finance Plus के जरिए हुए रिकॉर्ड सौदे
उन्होंने यह भी बताया है कि Samsung Finance Plus की बिक्री में खास भूमिका रही है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए होने वाले सौदों में 3 गुने की बढ़त देखने को मिली और इसके जरिए 10 लाख से ज्यादा ट्रांजैक्शन हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि टियर 1 और टियर 3 शहरों में कंपनी की बिक्री में बेहतर बढ़ोतरी देखने को मिली है। लेकिन बड़े शहरों में भी कंपनी की बिक्री में शानदार बढ़ोतरी देखने को मिली है। जुलाई -सितंबर 2022 की अवधि में 30000 रुपये से ज्यादा कीमत वाले प्रीमियम सेगमेंट की बिक्री में 99 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई है। बाबर ने आगे कहा कि सैमसंग भारत का तेजी से ग्रोथ करता प्रीमियम सेगमेंट का ब्रैंड है। प्रीमियम सेगमेंट में कंपनी के S22और फोर्डेबल फोन ज्यादा बिक रहे हैं।
सैमसंग भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन रिटेलर
Counterpoint Research की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक सैमसंग भारत का दूसरा सबसे बड़ा स्मार्टफोन रिटेलर है। जुलाई -सितंबर तिमाही में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 18 फीसदी थी। कंपनी का भी दावा है कि साल 2022 के 9 महीनों में कंपनी के ओवरऑल मोबाइल फोन बिजनेस में 20 फीसदी की बढ़त देखने को मिली और रेवेन्यू के लिहाज से कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 22 फीसदी है।
कंपनी ने यह भी बताया है कि वह अपने सभी 5G फोन के लिए 15 नवंबर तक सॉफ्टवेयर अपडेट जारी कर देगी। कंपनी के अधिकांश फोन पहले से ही 5G सर्विसेस को सपोर्ट करना शुरु कर चुके हैं।